प्रतापगढ़ महोत्सव को पर्यटन के कलेण्डर में सम्मिलित किया जायेगा - Pratapgarh Samachar

Breaking

सोमवार, 19 मार्च 2018

प्रतापगढ़ महोत्सव को पर्यटन के कलेण्डर में सम्मिलित किया जायेगा


नगर में एक भव्य प्रेक्षागृह का निर्माण किया जायेगा, रामवनगमन मार्ग को विकसित किया जायेगा-मोती सिंह

जिलाधिकारी ने महोत्सव में प्रतिभाग करने वाले विभागों, अधिकारियों, स्वयंसेवी संस्थाओ और कलाकारों के प्रति आभार प्रदर्शित किया

प्रदेश सरकार के ग्रामीण अभियन्त्रण विभाग के मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह उर्फ मोती सिंह ने चार दिवसीय भव्य प्रतापगढ़ महोत्सव का समापन करते हुये उद्गार व्यक्त किया कि यह भव्य महोत्सव प्रतिवर्ष आयोजित हो इसके लिये पर्यटन के कलेण्डर व मानचित्र में इस महोत्सव को जोड़ा जायेगा ताकि प्रतिवर्ष की निरन्तरता बनी रहे। सीमित संसाधनों में जिला प्रशासन द्वारा भव्य महोत्सव के आयोजन के लिये  जिला प्रशासन व जिलाधिकारी के प्रति आभार प्रदर्शित किया और कहा कि महोत्सव में जिन विभागों ने प्रतिभाग किया है तथा जिन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी है, साथ ही स्कूल छात्र/छात्राओं ने जिस उत्साह से विभिन्न प्रतियोगिताओ में शिरकत की है निश्चित रूप से बधाई के पात्र है। उन्होने कहा कि प्रतापगढ़ से होते हुये रामवनगमन मार्ग जाता है उसे विकसित करने के लिये प्रदेश सरकार कृत संकल्प है और शीघ्र ही एक भव्य रामवनगमन मार्ग विकसित होकर पर्यटन के मानचित्र में स्थापित हो जायेगा। निश्चित रूप से इस महोत्सव ने प्रतापगढ़ के गौरवशाली परम्पराओ और सांस्कृतिक विरासत को सजोने का कार्य किया है और महोत्सव ने जिस गंगा जमुनी तहजीब का अनूठा उदाहरण प्रस्तुत किया है वह हम सबके लिये गर्व की बात है राम भारतीय कलाकेन्द्र द्वारा श्रीराम प्रस्तुति को भी मंत्री ने काफी सराहा।
महोत्सव के मुख्य कर्ताधर्ता जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने महोत्सव के समापन पर मुख्य अतिथि के रूप में पधारने के लिये कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र प्रताप सिंह के प्रति आभार जताया और कहा कि प्रतापगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और गौरवशाली परम्पराओं को सुदृढ़ करने के लिये जनपद का प्रत्येक नागरिक को सन्नद्ध रहना होगा। उन्होने महोत्सव में प्रतिभाग करने वाले सभी विभागों के अधिकारियों/कर्मचारियों, प्रतिभागी कलाकारो, अभ्यागत अतिथियों, मीडिया के बन्धुओं और विशेषकर महोत्सव के संयोजक मुख्य विकास अधिकारी राजकमल यादव के प्रति आभार प्रदर्शित किया। इस कार्यक्रम में इण्डिया ड्रेस शो का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंत्री मोती सिंह ने इण्डिया ड्रेस शो परिधान डिस्प्ले कालेज के छात्र/छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया जिसमें प्रथम स्थान पर आचार्य सदाशिव शिक्षण संस्थान को, द्वितीय स्थान जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान अतरसण्ड डायट को तथा तृतीय स्थान राजकीय बालिका इण्टर कालेज को दिया गया। अन्य प्रतिभाग करने वाले छात्र/छात्राओं को भी मंत्री जी ने स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इसके अलावा जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों और प्रदर्शनी पण्डाल के प्रभारियों तथा समाजसेवियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर आकांक्षा समिति की अध्यक्षा डा0 स्निग्धा रश्मि ने भी श्रीराम भारतीय कलाकेन्द्रों के कलाकारो को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।