शौच के बहाने प्रेमी के साथ भागी युवती की शादी पुलिस ने थाने में प्रेमी से ही कराई - Pratapgarh Samachar

Breaking

शुक्रवार, 22 सितंबर 2017

शौच के बहाने प्रेमी के साथ भागी युवती की शादी पुलिस ने थाने में प्रेमी से ही कराई



महेशगंज थाने के क्षेत्र में एक अजीब वाकया हुआ जहाँ पुलिस थाना ही बन गया विवाह स्थल। एक युवती जो शौच के बहाने अपने प्रेमी के साथ फरार हुई थी उसको पुलिस ने बृहस्पतिवार को बरामद कर लिया। जिस प्रेमी के साथ भागी थी वह प्रेमी भी पकड़ा गया। प्रेम में पागल युवती ने प्रेमी के साथ रहने ठान ली थी तो परिजनों ने भी विवाह की इजाजत दे दी। उसी थाने में ही दोनों का विवाह हुआ और इसमें प्रेमी ने प्रेमिका को और प्रेमिका ने प्रेमी को वरमाला पहनाई। हालांकि पुलिस फजीहत से बचने के लिए इससे इनकार कर रही है।
घटना महेशगंज क्षेत्र थाना के गांव की ही है। उक्त युवती बुधवार सुबह से ही गायब थी। बताया गया कि जिस युवक  साथ भागी थी वह रिश्तेदार है। युवती के पिता ने युवक पर पुत्री को भगा ले जाने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट लिखवाई थी।
  महेशगंज पुलिस ने दबिश देकर जोड़े को दबोचा।पुलिस ने कल्यानपुर से युवती और उसके प्रेमी को पकड़ा और गुरुवार को दोनों पक्ष पंचायत करने के लिए थाना परिसर में जुटे तो युवती ने खुद अपने मां-बाप के साथ जाने से इंकार कर दिया।परिजनों ने बहुत समझाया बड़ी देर बाद भी जब युवती नहीं मानी तो आखिरकार परिजन टूट गए और शादी के लिए सहमति दे दी।

चंद मिनटों में हुआ विवाह का इंतजाम 

महेशगंज थाना परिसर में बने दुर्गा मंदिर में थोड़े ही समय में वरमाला व विवाह का इंतजाम हो गया। दोनों तरफ के परिजनों की उपस्थिति में प्रेमी प्रेमिका ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई। उस समय ग्राम प्रधान इरशाद भी उपस्थित थे। इरशाद ने बताया कि दोनों पक्षों की सहमति से वरमाला पहनाई गई है। हालांकि पुलिस ने थाने में वरमाला पहनाने से साफ इनकार किया है। इस संबंध में सीओ सदर  रामाशीष यादव ने भी कहा कि उन्हें इस मामले की कोई जानकारी नहीं है।