प्रतापगढ़ में अब बिजली विभाग की घाटे से उबरने के लिये नई योजना चलाई जा रही हैं राजस्व वसूली में लगातार बहुत पीछे चल रहे बिजली विभाग को इससे उबारने के लिए पावर कॉरपोरेशन ने प्रोत्साहन योजना शुरू की है। इसके तहत शत-प्रतिशत वसूली करने वाले अधिकारी व कर्मचारियों को इनाम दिया जाएगा। विद्युत वितरण विभाग ट्रांसमिशन ने जिले को चार डिवीजन में बांटा है। इसमें प्रतापगढ़ विद्युत वितरण खंड प्रथम, कुंडा, लालगंज व रानीगंज शामिल हैं। जनपद में 2.3 लाख विद्युत उपभोक्ता हैं। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन की ओर से जिले को हर माह 6 करोड़ 60 लाख रुपये की राजस्व वसूली का लक्ष्य दिया गया है। लेकिन विभागीय अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य हासिल करने में पसीना छूट रहा है। अधिकारियों के मुताबिक हर माह सिर्फ 4 से साढ़े चार करोड़ रुपये की वसूली ही हो पा रही है। ऐसे में अब पावर कॉरपोरेशन ने शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के लिए प्रोत्साहन योजना शुरू की है। अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम सत्य प्रकाश मिश्र ने बताया कि ट्रांसमिशन से जब बिजली दी जाती है तो वहां स्थापित हाईटेक मीटरों में दी जाने वाली बिजली को दर्शाया जाता है और हर यूनिट का हिसाब रखा जाता है। लेकिन आपूर्ति के हिसाब से राजस्व वसूली नहीं हो पा रही है। उन्होंने बताया कि लाइन लॉस कम करते हुए शत-प्रतिशत वसूली करने वाले जेई, एसडीओ व अधिशासी अभियंता को वसूली का 10 फीसदी हिस्सा इनाम के रूप में दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह योजना सिर्फ नवम्बर व दिसंबर के लिए ही लागू रहेगी।
पूरी गर्मी बिजली विभाग वालों ने पूरे प्रतापगढ़ को खून के आंसू निकलवाये हैं। विभाग मुश्किल से ही पैसे निकलवा पायेगा।
