सैफाबाद में छत से रस्सी के सहारे लटकाकर 5 बाइक व पौने दो लाख की चोरी - Pratapgarh Samachar

Breaking

सोमवार, 25 सितंबर 2017

सैफाबाद में छत से रस्सी के सहारे लटकाकर 5 बाइक व पौने दो लाख की चोरी


सैफाबाद बाजार, पट्टी!  जिले में चोरों के हौसलों की दाद देनी पड़ेगी, छोटी मोटी चोरियों के साथ ही अब बड़े हाथ मारने में भी पीछे नही हट रहे हैं। बीती रात सैफाबाद पुलिस चौकी की नाक के नीचे से हीरो बाइक के शोरूम से लाखों की चोरी हो गयी।
    पट्टी चांदा मार्ग पर सैफाबाद पुलिस चौकी देवसरा थाने के अंतर्गत आती है। बाजार में ही रायचन्दपुर निवासी पंकज सिंह की हीरो बाइक की एजेंसी है। रात में चोर पीछे की तरफ से छत पर आए और फिर अंदर घुसकर गल्ले में रखे 1 लाख 74 हजार रुपये निकाल लिए जो माह का तीसरा शनिवार होने के कारण बैंक बन्द होने से जमा नही हो पाया था।

   चोर अगर इतने पर भी मान गए होते तो गनीमत थी। उनके हौसलों और पुलिस की निष्क्रियता की मिसाल इसी बात से मिलती है कि चोरों ने पहले तो अंदर रखे तख़्त को रस्सी के सहारे पीछे खेत मे उतारे और फिर सीढ़ी पर से 5 बाइक भी छत पे ले गए। बाइक को भी रस्सी के सहारे पहले तख़्त पर उतारा गया और बाद में साथ लाये 5 लीटर गैलन में पेट्रोल बाइक में डाल कर निकल लिए, खाली गैलन सुबह पुलिसिया गस्त की कहानी कहने के लिये पड़ा था। बाइक उतारे जाते समय दीवाल पर रगड़ के निशान सुबह सारी बात बता रहे थे।
    इसे देखकर अंदाज लगाया जा सकता है कि पुलिस का जरा भी डर किसी अपराधी को नही था वरना इतने इत्मीनान से 5 गाड़ियाँ छत से उतारने की हिम्मत चोर नही करते। बताया जाता है कि एजेंसी की छत पर जाने वाली सीढ़ी में दरवाजा नही लगा है।
    साथ ही इस चोरी में एजेंसी कर्मचारियों की मिलीभगत से भी इंकार नही किया जा सकता, वरना चोरों को एजेंसी के बारे में इतनी सटीक जानकारी कहाँ से हो सकती है।
   देवसरा पुलिस जाँच में लगी है।