भाजपा से नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए 13 दावेदार, हरिप्रताप सिंह की तरफ से कोई आवेदन नही - Pratapgarh Samachar

Breaking

गुरुवार, 26 अक्टूबर 2017

भाजपा से नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए 13 दावेदार, हरिप्रताप सिंह की तरफ से कोई आवेदन नही

प्रतापगढ़: प्रदेश में नगर निकाय के चुनाव नजदीक आते ही उम्मीदवारों ने भी पार्टी कार्यालयों में अपनी हाजरी लगानी व दावेदारी पेश करनी शुरू कर दिया है। जिले में भाजपा से नगरपालिका अध्यक्ष पद के लिए अब तक 13 लोगों ने अपनी दावेदारी व आवेदन भाजपा जिलाध्यक्ष को सौंप दिया है। लेकिन सबसे हैरानी वाली बात है कि वर्तमान नगरपालिका अध्यक्ष हरिप्रताप सिंह ने अपने किसी परिजन के नाम की दावेदारी नही पेश किया है। इससे भाजपा के रणनीतिकारों में बेचैनी है।

       प्रतापगढ़ नगर पालिका अध्यक्ष पद इस बार सामान्य महिला हो गया है। जिस कारण स्वयं अब तक राजनीति कर रहे बहुत से लोगों ने अपनी पत्नियों को चुनावी मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। अभी तक कुल 13 लोगों ने भाजपा जिलाध्यक्ष के सामने अपनी दावेदारी पेश किया है। जिनमें बसपा से पिछला चुनाव लड़ चुके सन्तोष मिश्र ने अपनी पत्नी रीता मिश्र, भाजपा से पिछले बार चुनाव लड़ने वाले रवि प्रताप सिंह ने अपनी पत्नी डॉ. साधना सिंह के लिए टिकट की माँग किया है। इनके अलावा अन्य दावेदारों में प्रियंका सिंह पत्नी विजय सिंह, गीता मिश्र पत्नी रामकृष्ण मिश्र, गीता पुत्री गोपीचन्द्र, छाया श्रीवास्तव पत्नी स्व. गोपालनाथ श्रीवास्तव, नीलम पत्नी रमेशचंद्र, डॉ. ममता श्रीवास्तव पत्नी डॉ. अतुल श्रीवास्तव, पूनम गुप्ता पत्नी देवेंद्र कुमार गुप्ता, माधुरी सिंह पत्नी राजेश सिंह, सुनीता पांडेय पत्नी बृजेश पांडेय, रमा मिश्र पत्नी विजय शंकर मिश्र व हेमलता सिंह पत्नी संजय कुमार सिंह का आवेदन भाजपा जिलाध्यक्ष को प्राप्त हो गया है।

       इन सबमे सबसे हैरानी वाली बात है कि भाजपा के निवर्तमान नगर पालिका अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह की तरफ से कोई भी आवेदन नही आया है। महिला सीट होने के नाते लोगों को लग रहा था कि 20 साल से नगरपालिका अध्यक्ष पद पर काबिज हरिप्रताप सिंह इस बार अपनी पत्नी या अन्य किसी परिजन को चुनाव मैदान में चेहरा बना कर उतारेंगे। लेकिन अब तक उनकी तरफ से कोई आवेदन न आने से भाजपा पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही हरि प्रताप समर्थकों व सियासी रणनीतिकार भी बेचैन हैं।