प्रतापगढ़: अबकी माघ मेला में जाने वाले स्नानार्थियों को भी भीषण समस्या का सामना करना पड़ सकता है। जिले से इलाहाबाद जाने वाली दो पैसेंजर ट्रेनों को 1 दिसम्बर से 13 फरवरी तक के लिए पूर्ण रूप से रद्द कर दिया गया है। इसके साथ ही बनारस से प्रतापगढ़ होकर लखनऊ जाने वाली वीपीएल पैसेंजर, प्रतापगढ़ से दिल्ली जाने वाली एकमात्र पद्मावत एक्सप्रेस, वाराणसी से देहरादून जाने वाली जनता एक्सप्रेस और बरेली से प्रयाग के बीच चलने वाली पैसेंजर ट्रेन भी पूर्ण रूप से रद्द कर दी गयी है।
जनवरी महीने में नहावन के लिए प्रयाग जाने वाले यात्रियों के लिए दैनिक ट्रेनों के अलावा रेलवे द्वारा मेला स्पेशल ट्रेनें भी चलाई जाती रही हैं। लेकिन अबकी बार जिले से होकर जाने वाली ज्यादातर पैसेंजर ट्रेनों को पहले ही पूर्ण रूप से निरस्त कर दिया गया है जिससे अबकी बार सामान्य यात्रियों के साथ ही स्नानार्थियों को भी भीषण परेशानी का सामना करना पड़ेगा। विदित हो कि माघ मेला के उपलक्ष्य में लाखों की संख्या में लोग प्रयाग जाते हैं। जिले से भी हजारों लोग ट्रेन के माध्यम से प्रयाग पहुँच कर स्नान पुण्य का लाभ लेते हैं। पर इस बार ये यात्रा अधिक कठिन व महंगी होने वाली है।
एक दिसम्बर से 13 फरवरी तक के लिए पूर्ण रूप से रद्द की गई ट्रेनें जो प्रतापगढ़ स्टेशन से होकर गुजरती थीं उनमें भारी संख्या में यात्रियों की भीड़ यात्रा करती रही है। स्टेशन मास्टर इबरार अहमद ने बताया कि रेल मुख्यालय से मिले आदेश के मुताबिक 13 फरवरी तक अप और डाउन प्रयाग-लखनऊ-प्रयाग के बीच चलने वाली 54253, 54254 पीआरएल पैसेंजर, फैजाबाद-प्रयाग-फैजाबाद के बीच चलने वाली 54255 वन एएफ व 54256 टूएएफ पैसेंजर पूरी तरह से रद्द कर दी गयी है। इन दोनों के रद्द होने से अब इलाहाबाद के लिए सरयू एक्सप्रेस और एक पैसेंजर मात्र ही बची है। माघ मेला में प्रयाग जाने वाली भीड़ को संभाल पाना इन दोनों ही ट्रेनों के बस की बात नही है। इसमें भी सरयू सुबह सात बजे के लगभग ही प्रतापगढ़ से निकल जाती है। इतनी सुबह ठण्ड में ये पकड़ पाना भी मुश्किल ही होगा। साथ ही बरेली से प्रयाग के बीच चलने वाली 14308-14307 बरेली प्रयाग पैसेंजर भी 13 फरवरी तक के लिए रद्द कर दी गयी है।
प्रयाग जाने वाली इन ट्रेनों के साथ ही एक और पैसेंजर 54371-54372 लखनऊ से बनारस और बनारस से लखनऊ के बीच चलने वाली बीएल पैसेंजर भी रद्द के गयी है। इसके साथ ही जनता एक्सप्रेस और पद्मावत एक्सप्रेस की अप और डाउन ट्रेनों को पूरी तरह से रद्द कर दिया गया है। इसके अलावा पंजाब एक्सप्रेस गुरुवार को नही चलेगी, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस भी गुरुवार को नही चलेगी। ये भी 13 फरवरी तक रद्द रहेंगी।
