अन्तर्राजीय स्तर पर कुख्यात बदमाशों को प्रतापगढ़ में पुलिस ने दबोचा - Pratapgarh Samachar

Breaking

मंगलवार, 5 दिसंबर 2017

अन्तर्राजीय स्तर पर कुख्यात बदमाशों को प्रतापगढ़ में पुलिस ने दबोचा

 
प्रतापगढ़ पुलिस लाइन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एएसपी पश्चिमी बसंतलाल ने बताया कि क्राइम ब्रांच के सर्विलांस सेल प्रभारी विनोद कुमार सिंह ने मुखबिर की सूचना पर लालगंज पुलिस के साथ सोमवार को दांदूपुर पड़ान के पास लोनी नदी पुल पर पहुंचे। वहां सरपत की आड़ में इंडिगो में बैठे बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर चार बदमाशों को पकड़ लिया, दो भाग निकले। पकड़े गए बदमाशों में सरफराज उर्फ शेरू निवासी दहिलामऊ, जाकिर अली उर्फ गुड्डू निवासी भुलियापुर प्रतापगढ़, दशरथ यादव निवासी बुरका थाना सरायख्वाजा जौनपुर व परवेज निवासी शकूहाबाद थाना लालगंज हैं। आरिफ निवासी शकूहाबाद व मोबीन निवासी तिलौरी थाना लालगंज भागने में सफल रहे। तलाशी में बदमाशों के पास 2 तमंचा, 5 कारतूस, 3 खोखा, 2 चाकू, लूट/चोरी की दो बाइक, लूट में प्रयोग होने वाली एक इंडिगो कार, लूट के 70 हजार रुपये व 4 फर्जी पहचान पत्र बरामद हुए। पुलिस के मुताबिक 17 अगस्त 2017 को हरिसेनगंज से एक ट्रक चोरी, 27 अगस्त 2017 को मऊआइमा से ड्राइवर-खलासी को बंधक बनाकर एक ट्रक लूट, लालगंज के खजुरी से 24 अक्तूबर 2017 को 1 ट्रक लूट व 26 नवम्बर 2017 को रायबरेली के सलवन से इनोवा कार इन्हीं बदमाशों ने लूटी थी। लूट के ट्रक को दशरथ यादव खरीदता है। पकड़े गए बदमाशों के खिलाफ प्रतापगढ़, सुलतानपुर, इलाहाबाद, रायबरेली से लेकर मुंबई तक के कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम को पांच हजार रुपये इनाम की घोषणा की गई है। और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जेल भेज दिया।