![]() |
प्रतापगढ़। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सरकार में भारतीय जनता पार्टी की सहयोगी पार्टी अपना दल (सोनेलाल) का कार्यालय तक सुरक्षित नहीं है, और न ही देवी-देवता। जी, प्रतापगढ़ में जनता तो छोडि़ए, नेताजी के घर, दफ्तर ही सुरक्षित नहीं हैं। चोरों ने विधायक के कार्यालय और मंदिर में सेंध लगाकर करोड़ो की चोरी को अंजाम दिया है। घटना से इलाके में हड़कंप है। सूचना के बाद भी पुलिस घटनास्थल पर नही पहुंची, पुलिस के इस लापरवाह और उदासीन रवैये से क्षेत्रवासियों में आक्रोश है। प्रतापगढ़ में भाजपा सहयोगी विधायक संगम लाल गुप्ता के दफ्तर व वहीं बगल में स्थित शीतला माता को समर्पित प्रसिद्द प्रतापवासिनी शीतला धाम में करोड़ो की चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है और योगी सरकार की पुलिस को उनके विधायक के कार्यालय का लोकेशन तक नहीं मालुम कर पा रही है। चोरी की सूचना प्रतापगढ़ थाना पुलिस को दी गई मगर यहां की लापरवाह पुलिस घटनास्थल पर तीन घंटे लेट पहुंची। मामला जनपद के कटरा थाना क्षेत्र की है।
प्रतापवासिनी शीतलाधाम कोतवाली नगर क्षेत्र के कटरा क्षेत्र में सदर विधायक संगम लाल गुप्ता के कार्यालय और शीतला धाम स्थित प्रतापवासिनि माँ शीतला मंदिर को बीती रात चोरों ने निशाना बनाया। चोरों के हौसले इतने बुलन्द है कि अब रायबरेली जौनपुर हाईवे से सटा सदर विधायक संगम लाल गुप्ता के कार्यालय और कार्यालय से बगल शीतला धाम में माँ शीतला मंदिर से लाखों रुपए के सामान चुरा ले गए, जबकि कार्यालय और प्रतापवासिनी मंदिर परिसर CCTVकैमरे की नजर में है। प्रतापगढ़ पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम की तीरंदाजी फेल होती जा रही है। अभी बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने के लिये रानीगंज थाना की सफाई आला डालकर किया, जिसकी चारों तरफ चर्चा हुई। शाम को नगर के किसी न किसी चौराहे को पुलिस अधीक्षक स्वयं अपनी निगरानी में वाहन चेकिंग लगाते हैं,परंतु उनकी इस चेकिंग की हवा दो दिन पहले कोतवाली नगर के मीराभवन में अराजकतत्वों ने दर्ज़नों गाड़ियों में तोड़फोड़ कर निकाल दी। आज जिले की कानून व्यवस्था पर चोरों ने प्रश्नचिन्ह लगा दिया।
जब सत्तापक्ष के विधायक का कार्यालय और उनके द्वारा स्थापित मंदिर जो कैमरे से लैश हो जब वो ही सुरक्षित नहीं तो आम जनता की सुरक्षा की बात करना बेईमानी होगी। बेखौफ चोरों ने माँ शीतला के कीमती गहने सहित मंदिर की दान पेटिका समेत चार शटरों के ताले तोड़कर जहां सामान और नकदी साफ कर दी,वहीं जौनपुर-रायबरेली NHI पर स्थित विधायक के हाईटेक कार्यालय का भी तालातोड़ नगदी और टेलीविजन,कम्प्यूटर सहित कीमती सामान साफ कर दिए। घटना से जहाँ सत्तापक्ष का विधायक होने की वजह से आम जनता हतप्रभ हैं। परन्तु मंदिर में चोरों द्वारा की गई चोरी से लोगों में आक्रोश व्याप्त है। जनाक्रोश इतना कि पुलिस प्रशासन पर लोग खुलकर अपनी भड़ास निकाल रहे है और प्रतापगढ़ पुलिस को निकम्मा तक बनाने में संकोच नहीं कर रहे हैं। कुछ लोग तो योगी सरकार में भगवान और भगवती की सुरक्षा पर सवाल खड़ा कर रहे हैं। उनका कहना भी कुल मिलाकर सही भी है कि अभी सूबे में भगवा सरकार न होती तो इतनी घटना पर ही भगवाधारी लोग विधवा विलाप करते नजर आते है।
प्रतापगढ़ में अपराधियों का मनोबल कुछ इस तरह बढ़ा है कि वें बेखौफ आये दिन चोरी, लूटपाट, छिनैती आदि आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे है। अब तक ऐसी घटनाओ के शिकार अक्सर आम जनता बनती थी, लेकिन अब नेता, विधायक तक सुरक्षित नही है। मामला हाई प्रोफाइल है, लेट लतीफ ही सही, प्रशासन शायद अब जागे और ऐसे अपराधियो के प्रति कोई ठोस कदम उठाए तो जनता का भी भला होगा।
