![]() |
क्षेत्र के विद्युत उपकेंद्र कोहड़ौर से ग्राम पंचायत परसुपुर के लहूरी बजेठी गांव में विद्युत आपूर्ति की जाती है। गांव के लगभग 70 घरों की विद्युत आपूर्ति के लिए 25 केवीए का ट्रांसफार्मर लगा हुआ है। लेकिन टूटे खंभों पर रखे गए ट्रांसफार्मर से कभी भी ग्रामीणों को बहुत बड़ी मुसीबत का सामना करना पड़ सकता है। खंभा अगर टूट कर गिरता है तो बिजली का तार बीच रास्ते में ही गिर सकता है। ऐसे में रास्ता पकड़कर रोज आने-जाने वाले स्कूली बच्चे, मजदूर, राहगीर तथा गांव के लोगों के प्राण संकट में पड़ सकते हैं। ग्रामीणों की मानें तो इस टूटे खंभों को बदलवाने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों से कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद भी समस्या जस की तस बनी हुई है । विद्युत उपकेंद्र कोहड़ौर के कर्मचारी व जिले के अफसर इस समस्या पर बेपरवाह बने हुए हैं। जिससे ग्रामीणों में खासा आक्रोश है।
ग्रामीण रामचंद्र यादव, ओमप्रकाश वर्मा, जलील अहमद, रामकुमार, अजय, संजय आदि का कहना है कि टूटे खंभे को यदि जल्द न बदला गया तो ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र कोहड़ौर में धरना देंगे। इस बाबत विद्युत उपकेंद्र कोहड़ौर के जेई संदीप प्रभाकर का कहना है कि स्टोर से पोल लाने के लिए गया था, लेकिन 11 हजार वोल्टेज वाला पोल स्टोर में नहीं है। जबकि 33 हजार वोल्टेज वाला पोल था। उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत कराया गया है। जल्द ही टूटे पोलों को बदलवाया जाएगा।
