अधिशासी अभियन्ता जल निगम के अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिश, वरासत में लापरवाही पर लेखपाल रायचन्द्रपुर को निलम्बित करने के निर्देश
जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के लिये आज सदर तहसील के सभागार में सचिव, संस्कृत विभाग उ0प्र0 शासन लखनऊ (जनपद के नोडल अधिकारी) जगत राज की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस तहसील सदर में आयोजित किया गया, जिसमें आज कुल 135 फरियादी अपनी समस्याओं के निस्तारण हेतु उपस्थित हुये जिनमें से 03 शिकायतें इस प्रकृति की पायी गयी जिनका मौके पर निस्तारण कर दिया गया। आज कुल प्राप्त 135 शिकायतों में से 45 शिकायतें राजस्व विभाग, 28 विकास, , 26 पुलिस , 04 समाज कल्याण, 01 बेसिक शिक्षा और .31 अन्य विभागों से सम्बन्धित शिकायते सम्पूर्ण समाधान दिवस में आयी।
आज के सम्पूर्ण समाधान दिवस में ग्राम रायचन्द्रपुर के आशीष शर्मा ने शिकायत की कि खाता संख्या-206 में पिताजी पारसनाथ शर्मा का नाम डेढ़ वर्ष से वरासत में दर्ज नही हुआ है और लेखपाल मिठाई लाल द्वारा हीलाहवाली की जा रही है जिसको संज्ञान में लेते हुये जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर पंकज वर्मा को रायचन्द्रपुर के लेखपाल मिठाई लाल को निलम्बित करने के निर्देश दिये। सम्पूर्ण समाधान दिवस में अधिशासी अभियन्ता जल निगम ओमवीर सिंह अनुपस्थित पाये गये जिस पर जिलाधिकारी ने कारण बताओ नोटिश जारी करने के निर्देश दिये।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायतकर्ता दुखी राम निवासी मजरे अन्तू देहात ने बैनामे की जमीन पर अवैध कब्जा करने की शिकायत की। आज के सम्पूर्ण समाधान दिवस में राशन कार्ड, नाली, खड़न्जा, अवैध कब्जे आदि से सम्बन्धित शिकायते प्राप्त हुई जिसे सम्बन्धित विभागीय अधिकारियों को निस्तारित हेतु हस्तगत कर दिया गया। सम्पूर्ण समाधान दिवस में शासन के सचिव एवं जनपद के नोडल अधिकारी जगत राज ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली बिन्दुओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाये। निस्तारण निर्धारित अवधि में पूरा किया जाये और निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाये। मुख्यमंत्री जन शिकायतों से सम्बन्धित शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण होना चाहिये। उन्होने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री एन्टी करप्शन पोर्टल का गठन हो चुका है जिसमें किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के भ्रष्टाचार में लिप्त होने की शिकायत दर्ज करायी जा सकती है।
आज के सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक सन्तोष कुमार, मुख्य विकास अधिकारी राजकमल यादव, उपजिलाधिकारी सदर पंकज वर्मा सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


