जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना समाधान दिवस कन्धई में फरियादियों की सुनी शिकायतें - Pratapgarh Samachar

Breaking

शनिवार, 17 अगस्त 2019

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना समाधान दिवस कन्धई में फरियादियों की सुनी शिकायतें






प्रतापगढ़। जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने आज थाना समाधान दिवस के अवसर पर थाना कन्धई में आयोजित थाना समाधान दिवस में पहुॅचकर फरियादियों की शिकायतों को क्रमबद्ध तरीके से सुना तथा उनके निस्तारण हेतु राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फरियादियों की शिकायतों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण ढंग से करने के लिये निर्देशित किया। थाना समाधान दिवस में ग्राम प्रधान मंगरौरा ने शिकायत किया गया कि प्राथमिक विद्यालय जर्जर है एवं आंगनबाड़ी केन्द्र निर्माण हेतु धन आवंटित है लेकिन विरोधियों द्वारा निर्माण कार्य में अवरोध उत्पन्न किया जा रहा है जिस पर जिलाधिकारी ने राजस्व निरीक्षक एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर तत्काल मौके पर जाकर प्रकरण का निस्तारण करने व दोषियों के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की कार्यवाही के निर्देश दिये। इसी प्रकार थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी को यह प्रकरण संज्ञान में आया कि जोगीपुर निवासी विनोद कुमार ने 2016 में वृक्षारोपण हेतु जमीन का पट्टा लिया था, उस जमीन पर आज तक वृक्षारोपण का कार्य नही किया गया है। जिलाधिकारी ने उक्त प्रकरण में उपजिलाधिकारी को प्रकरण की जांच कर तत्काल पट्टा निरस्त करने की कार्यवाही हेतु निर्देशित किया।

आज के थाना समाधान दिवस में शिवसत के लेखपाल सुनील मिश्रा अनुपस्थित पाये गये जिस पर जिलाधिकारी ने उनके वेतन भुगतान पर रोक लगाने व कारण बताओ नोटिश जारी करने के निर्देश दिये। इसके अलावा थाना समाधान दिवस में अन्य प्राप्त हुई शिकायतों को पुलिस विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इस निर्देश के साथ हस्तगत किया की शिकायतों के निस्तारण हेतु सम्बन्धित स्थल पर जाकर दोनो पक्षों की उपस्थिति में शिकायतों का निस्तारण तत्काल कराना सुनिश्चित करें, शिकायतों के निस्तारण होने के पश्चात् अपनी रिपोर्ट आख्या थाना समाधान दिवस रजिस्टर में अनिवार्य रूप से अंकित करें। थाना समाधान दिवस में जिलाधिकारी ने थाने के विभिन्न रजिस्टरों का अवलोकन किया एवं सम्बन्धित को आवश्यक दिशा निर्देश दिये। थाने में काफी दिनों से बन्द पुराने वाहनों को नीलामी कराने हेतु थानाध्यक्ष को निर्देशित किया।