जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण - Pratapgarh Samachar

Breaking

मंगलवार, 20 अगस्त 2019

जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने जिला कारागार का किया औचक निरीक्षण

निरीक्षण के बाद मुख्य गेट के पास जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक
जिलाधिकारी मार्कण्डेय शाही व पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने आज जिला कारागार का संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (वि0/रा0) शत्रोहन वैश्य, मुख्य राजस्व अधिकारी श्रीराम, उपजिलाधिकारी सदर विजय पाल सिंह, उपजिलाधिकारी राहुल यादव उपस्थित रहे।
 जिलाधिकारी ने औचक निरीक्षण के दौरान बैरकों में नियमित रूप से साफ-सफाई कराने हेतु जेलर को निर्देशित किया तथा मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुये नियमित रूप से फागिंग भी करवाने हेतु कहा। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा बैरकों में कैदियों के सामानों एवं बिस्तरों की सघन तलाशी ली गयी जिसमें एक छोटी कैची व बनावटी चाकू बरामद हुई जिस पर पुलिस अधीक्षक ने जेलर को निर्देशित किया कि जेल के अन्दर किसी भी तरह के प्रतिबन्धित सामाग्री को अन्दर कदापि न जाने दिया जाये। निरीक्षण में जिलाधिकारी ने पाया कि कैदियों के बैरकों में सामान रखने की व्यवस्था नही है जिस पर जेलर को निर्देशित किया गया कि कैदियों के सामान रखने की व्यवस्था सुचारू ढंग की जाये। जिला कारागार में जिलाधिकारी ने कैदियों से बात-चीत कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने जिला कारागार में रसोईय घर का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई से भोजन बनाये जाने के निर्देश दिये।
 निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जेलर को सतर्क दृष्टि रखने हेतु निर्देशित किया गया कि प्रतिदिन समस्त बैरकों में बन्दियों की सघन तलाशी करायी जाये यदि किसी बन्दी के पास कोई आपत्तिजनक वस्तुयें बरामद हो तो तत्काल सम्बन्धित के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही भी सुनिश्चित की जाये। कारागार के अन्दर बन्दियों के पलायन में सहायक वस्तुयें जैसे सीढ़ी, रस्सी व सरिया सुरक्षित स्थानों पर व बन्दियों की पहुॅच से सदैव दूर रखी जाये ताकि जेल से पलायन की स्थिति न उत्पन्न हो सके, साथ ही बन्दियों के भोजन गुणवत्ता की भी समय पर जांच कराते रहे तथा शौचालय एवं नालियों आदि की समुचित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करायी जाये।
--------------------
जिला सूचना कार्यालय प्रतापगढ़ द्वारा प्रसारित