प्रतापगढ़ पट्टी के डेईडीह धौरहरा निवासी संतराम का बेटा भुंवर जानवरों की खरीद फरोख्त करता है। उसका कहना है कि मंगलवार सुबह करीब दस बजे वह बाइक से बंधवा बाजार जा रहा था।कि थनेपुर के पास एक व्यक्ति ने उसे रोका और कुछ दूर पर खड़ी स्कार्पियो तक ले गया। और स्कार्पियो में पहले बैठे तीन संदिग्धों ने उसे तमंचा दिखाकर स्कार्पियो में बिठा लिया। उसे बंधक बनाकर फतनपुर के गीता नगर ले गए। भुंवर की जेब में मौजूद 9 हजार रुपये छीनने के बाद बदमाश 50 हजार रुपये और मांगे। भुंवर ने एक व्यापारी को फोन कर दो भैंस देने के वादे पर 50 हजार रुपये मंगाए। फिर बदमाश भुंवर को लेकर पट्टी के मकरा मनभवना गांव की बाग में पहुंचे। वहीं पर भुंवर ने जिस व्यापारी को बुलाया था वह आया और 50 हजार रुपये देकर चला गया।
चारों बदमाश भुंवर को पुलिस से शिकायत न करने की धमकी देकर चले गए। भुंवर उस थनेपुर निवासी उस व्यक्ति को पहचानता है जो उसे रोककर स्कार्पियो तक ले गया था। भुंवर थनेपुर में उस व्यक्ति के घर पहुंचा तो आरोपी के घरवालों ने उससे कहा कि उसके रुपये शाम तक मिल जायेंगे इसलिए वह पुलिस के पास न जाय। लेकिन रुपये नहीं मिले तो बुधवार को भुंवर ने पुलिस से शिकायत की। इस मामले में पट्टी एसओ राजेश कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी नहीं है। जानकारी कर कार्रवाई की जायेगी। आरोपियों की तलाश जारी हैं।
