छोटे श्रमिकों के लिए सरकारी योजनाएं प्रतापगढ़ में भी - Pratapgarh Samachar

Breaking

शुक्रवार, 27 अक्टूबर 2017

छोटे श्रमिकों के लिए सरकारी योजनाएं प्रतापगढ़ में भी

 
प्रतापगढ़: छोटे श्रमिकों एवं उनके परिजनों के भविष्य की सुरक्षा को देखते हुए श्रम प्रवर्तन अधिकारी डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने उनके कल्याण के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं के सम्बंध में एक अधिसूचना जारी किया है। इन योजनाओं की जानकारी सामान्यतः लोगों को नही है।
     
डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पंजीकृत अधिष्ठानों व औद्योगिक कारखानों में काम करने वाले श्रमिकों और उनके परिजनों के कल्याण हेतु सरकार की तरफ से कई योजनाएं चल रही हैं। जिनमें ऐसे श्रमिक जिनका मासिक वेतन 15 हजार रुपये से कम है उनकी पुत्र या पुत्रियों को हाईस्कूल/इंटर की परीक्षा उत्तीर्ण करने पर सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम हेतु 5हजार, आईटीआई या अन्य किसी डिप्लोमा पाठ्यक्रम में उत्तीर्ण होने पर 8 हजार रुपये, मास्टर डिग्री या इंजीनियरिंग आदि में सफल होने पफ 10 हजार रुपये, श्रमिकों के मेधावी पुत्रों व पुत्रियों को 60% से 75% तक अंक पाने पर 3 हजार रुपये, 75% से अधिक अंक पाने पर 5 हजार रुपये एक मुश्त देय है। इस योजना के लाभ के लिये श्रमिक आवेदन पत्र 30 अक्तूबर तक श्रम प्रवर्तन अधिकारी के पल्टन बाजार स्थित कार्यालय में जमा कर सकते हैं।
       इसके अतिरिक्त श्रमिकों को बेटियों के विवाह पर आर्थिक सहायता 15 हजार रुपये देने की योजना है, जो दो बेटियों तक दिया जाता है। इसके लिए विवाह की तिथि से एक माह पूर्व सूचना श्रम प्रवर्तन कार्यालय को देनी अनिवार्य है। मृतक श्रमिकों की विधवाओं/आश्रितों को श्रमिक की मृत्यु से एक साल के अंदर कार्यालय में आवेदन करने पर 15 हजार रुपये की सहायता का भी प्रावधान है। मृत्यु से 15 दिन के अंदर अंत्येष्टि हेतु 5 हजार रुपये देने की योजना के बारे में भी बताया।
    
  श्रम प्रवर्तन अधिकारी डॉ. महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि उपरोक्त योजनाओं के बारे में अधिक जानकारी के लिए पलटन बाजार स्थित कार्यालय में किसी भी कार्य दिवस में सम्पर्क किया जा सकता है।