प्रतापगढ़ धौरहरा से दला का पुरवा जाने वाली विद्युत लाइन का एक तार दो दिन पूर्व टूट गया था। ग्रामीणों की सूचना पर बुधवार शाम राजगढ़ निवासी बिजली मिस्त्री गौरीशंकर अपने साथियों संग लाइन दुरुस्त करने पहुंचा। उसने एलटी लाइन (440 वोल्ट) के पोल में 11 हजार वोल्ट की लाइन का तार जोड़ दिया। जैसे ही विद्युत तारों में आयी धौरहरा के लोगों के घरों में हाईवोल्टेज करंट दौड़ने लगा। इससे घरों में लगे विद्युत उपकरण जलने लगे।
करंट की चपेट में आने से सुप्रिया (12) पुत्री जितेंद्र झुलस गई। घर पर ही डॉक्टर को बुलाकर उसका इलाज कराया गया। घटना से नाराज ग्रामीणों ने बिजली मिस्त्री गौरीशंकर को बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर जेई गांव में पहुंचे और ग्रामीणों के नुकसान की भरपाई का आश्वासन देकर उसे मुक्त कराया। हालांकि अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम सत्य प्रकाश मिश्र ने घटना की जानकारी से इनकार किया।
