अवैध ई-रिक्शा चेकिंग अभियान, पुलिस लाइन में चालकों का प्रदर्शन - Pratapgarh Samachar

Breaking

मंगलवार, 24 अक्टूबर 2017

अवैध ई-रिक्शा चेकिंग अभियान, पुलिस लाइन में चालकों का प्रदर्शन

file/representational 
प्रतापगढ़: शहर में बिना रजिस्ट्रेशन और ड्राइविंग लाइसेंस के दौड़ रहे ई-रिक्शा चालकों की चेकिंग के दौरान जाँच और चालान के खिलाफ ई-रिक्शा चालकों ने पुलिस के सामने विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस को सख्ती के साथ खदेड़ना पड़ा।
       शहर में बरसाती मेंढक की तरह उभर आये ई-रिक्शा यातायात व्यवस्था के लिए मुश्किल के साथ ही सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ा रहे हैं। पिछले बहुत दिनों से इनके खिलाफ आम यात्री व शहरवासियों के साथ व्यापारी भी पुलिस से शिकायत कर रहे थे। इन ई-रिक्शा में ज्यादातर बिना रजिस्ट्रेशन और अप्रशिक्षित व बिना लाइसेंसधारी चालकों द्वारा चलाये जा रहे थे, और तो और बहुत से चालक अभी वयस्क भी नही हुए हैं, इनकी उम्र 14 से 17 साल की ही है। ये सभी शहर में फर्राटे से रिक्शा दौड़ाते हैं जिससे गंभीर हादसे का खतरा बना रहता है।

    इन समस्याओं को देखते हुये मंगलवार को शहर पुलिस ने दो घण्टे के अभियान में ही बिना कागज और परमिट के चलने वाले ई-रिक्शा चालकों के चालान किया और अवैध तरीके से चल रहे करीब सौ से अधिक ई-रिक्शा को पुलिस लाइन में खड़ा करा दिया। इससे नाराज चालकों और उनके परिजन पुलिस लाइन के सामने जाकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन करने लगे। पहले पुलिस वालों ने प्रेम से समझाया और उचित कागजी कार्यवाही के साथ चलाने का अनुरोध किया लेकिन जब प्रदर्शनकारी नही माने तो एसपी शगुन गौतम के निर्देश पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया और सड़क पर लाठियाँ पटक कर भीड़ को पुलिस लाइन के बाहर खदेड़ा। इस सबमें काफी देर तक सड़क पर जाम की स्थिति बनी रही।