लूट के मामले में एसओ व चार दरोगा समेत पूरा स्टाफ लाइन हाजिर - Pratapgarh Samachar

Breaking

मंगलवार, 19 दिसंबर 2017

लूट के मामले में एसओ व चार दरोगा समेत पूरा स्टाफ लाइन हाजिर


प्रतापगढ़ : रानीगंज थाना क्षेत्र के कायस्थ पट्टी गांव के पास सोमवार की सुबह पेट्रोल पंप मैनेजर से हुई साढ़े पांच लाख की लूट के बाद प्रतापगढ़ की पुलिस में हड़कंप मचा है। मंगलवार को पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने रानीगंज थानाध्यक्ष व तीन सब इंस्पेक्टर समेत पूरे रानीगंज थाने के स्टाफ को लाइन हाजिर करते हुए बड़ा फेरबदल किया।



रानीगंज थाना क्षेत्र के थाहीपुर गांव के रहने वाले पेट्रोल पंप मैनेजर अब्दुल रशीद पर फायर करते हुए बदमाशों ने सोमवार को करीब साढ़े पांच लाख रुपये से भरा बैग लूट लिया था। इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम ने मंगलवार को बड़ी कार्यवाही करते हुए रानीगंज के थानाध्यक्ष मनीष पांडेय, दरोगा राधेश्याम उपाध्याय, कुलदीपक सिंह, राजेंद्र त्रिपाठी समेत पूरे स्टाफ को लाइन हाजिर कर दिया। एसपी शगुन गौतम ने दोपहर तक 18 सब इंस्पेक्टर व चार इंस्पेक्टरों को पुलिस लाइन से अलग- अलग थानों पर भेजा। वहीं दूसरी ओर पेट्रोल पंप मैनेजर से लूट के मामले में फतनपुर, रानीगंज की पुलिस के साथ ही जिले की स्वॉट टीम भी मामले की सघनता से जांच कर रही है। रानीगंज बाजार के आसपास स्थित बैंकों के सीसीटीवी कैमरे से संदिग्ध बाइक सवारों की खोजबीन की जा रही है। एसपी शगुन गौतम की इस बड़ी कार्यवाही से पुलिस विभाग के लोगों में हड़कंप मचा रहा। सोशल साइट्स पर जिले के कप्तान की इस बड़ी कार्यवाही की प्रशंसा होती रही और जिले के हर चौराहे पर एसपी के इस कदम की चर्चा रही ।