कुण्डा जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस में 278 फरियादी आये, 09 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण - Pratapgarh Samachar

Breaking

मंगलवार, 6 मार्च 2018

कुण्डा जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस में 278 फरियादी आये, 09 शिकायतों का मौके पर हुआ निस्तारण



जनता की शिकायतों का त्वरित निस्तारण करने के लिये शासन द्वारा महीने के प्रथम और तृतीय मंगलवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है। जिसके अन्तर्गत आज कुण्डा तहसील के सभागार में प्रभारी जिलाधिकारी श्री राजकमल यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय सम्पूर्ण समाधान दिवस कुण्डा में आयोजित किया गया। जिसमें आज कुल 278 फरियादी अपनी समस्याओं के निस्तारण हेतु उपस्थित हुये जिनमें से 09 शिकायतें इस प्रकृति की पायी गयी जिनका मौके पर निस्तारण कर दिया गया। आज कुल प्राप्त 278 शिकायतों में से 87 शिकायतें राजस्व विभाग से सम्बन्धित थी, 38 विकास से सम्बन्धित, 69 पुलिस से सम्बन्धित, समाज कल्याण से 17, स्वास्थ्य से 04, बेसिक शिक्षा से 7 और .56 अन्य विभागों से सम्बन्धित शिकायते सम्पूर्ण समाधान दिवस में आयी।
आज के सम्पूर्ण समाधान दिवस में शिकायतकर्ता अरूण प्रताप सिंह निवासी नरसिंहपुर ने 1413 से 1418 फसली खसरा खतौनी में नरेन्द्र बहादुर सिंह, लालमणि, राजकुमार सिंह का नाम अंकित था और 1419 से 1424 की खतौनी में हेरा-फेरी कर अमृत लाल, शिवलाल आदि का नाम दर्ज कर दिया बिना किसी अधिकारी के आदेश के अंकित कर करने की शिकायत की जिसको संज्ञान में लेते हुये प्रभारी जिलाधिकारी ने रजिस्ट्रार कानूनगो को प्रकरण की जांच करने के निर्देश दिये। सुमेरा देवी निवासी पहाड़पुर बनोही ने शिकायत किया कि राम अधार पासी ग्राम प्रधान रैय्यापुर ने 9000 रू0 आवास दिलाने के नाम पर पैसा लेने शिकायत सम्बन्धी शिकायत की, शिकायतकर्ता राजेश कुमार त्रिपाठी निवासी महेवामलकिया ने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) आवंटन में ग्राम प्रधान जर्नादन प्रसाद व गुड्डू द्वारा 17 व्यक्तियों के नाम 2011 की सूची में फ्राड करके अपने चहेतो का नाम दर्ज कर फर्जी व्यक्तियों को प्रधानमंत्री आवास आवंटित करने के सम्बन्ध में शिकायत की जिसकी जांच हेतु प्रभारी जिलाधिकारी ने परियोजना निदेशक डी0आर0डी0ए0 को निर्देशित किया। शिकायतकर्ता नन्हे लाल यादव निवासी लरू ने शिकायत किया कि तालाब पर माताफेर सिंह द्वारा अवैध भवन का निर्माण किया जा रहा है। ग्राम पंचायत कोराली निवासी प्रदीप गुप्ता ने शिकायत किया कि विकास खण्ड कालाकांकर ग्राम पंचायत कोराली की प्रधान निशा देवी है और उनके ससुर कामता प्रसाद कोटेदार है जो नियम विरूद्ध है। इसको संज्ञान में लेते हुये प्रभारी जिलाधिकरी ने जिला पूर्ति अधिकारी को उक्त प्रकरण की जांच हेतु निर्देशित किया। आज के सम्पूर्ण समाधान दिवस में तालाबों पर अवैध कब्जा, चकरोड, भूमि विवाद, कोटेदार से सम्बन्धित शिकायत प्राप्त हुई। सम्पूर्ण समाधान दिवस में आयी शेष सम्बन्धित शिकायती प्रार्थना पत्रो विभागीय अधिकारियों को इस दिशा निर्देश के साथ हस्तगत की गयी कि शिकायतों का निस्तारण यथाशीघ्र किया जाये। शिकायतो के निस्तारण में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाये। अन्यथा की स्थिति सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। 
आज के सम्पूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी कुण्डा आर0पी0 वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी बसन्त लाल, प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी वाई0पी0 शुक्ला, जिला कार्यक्रम अधिकारी सन्तोष कुमार श्रीवास्तव सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।