अपराध करने वालों ने भी गज़ब का विकास किया है। याबी तो भैंस चुराने वाले भी अवैध हथियार लेकर चलते हैं। ऐसा ही कुछ अपने प्रतापगढ़ में देखने को मिला है। भैंस की चोरी कर भाग रहे बदमाशों को देख जब लोगों ने पीछा किया तो बदमाशों ने लोगों पर तमंचे से फायर कर दिया। भैंस लदे वाहन का पीछा कर रहे बाइक सवार गोली चलने से घबराकर गिर गए और जख्मी हो गए। हड़बड़ा कर बदमाश भी भैंस छोड़कर भाग खड़े हुए। पीड़ित ने तीन लोगों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपियों के घर जाकर उनकी बरामदगी के लिए परिजनों पर दबाव बनाया है।
प्रतापगढ़ के मानिकपुर थाना क्षेत्र पनिगौं गांव के बृजराज शुक्ल के घर के सामने भैंस बंधी हुई थी। गुरुवार रात बदमाश चुपचाप वाहन लेकर पहुंचे और भैंस खोलकर शांति बनाते हुए वाहन पर लादने लगे। थोड़ी सी चहल पहल होने से बृजराज की नींद खुल गयी, इसके बाद वह बाहर निकले तो अपने घर की ही भैंस वाहन पर लदते देख सन्न रह गए। घबरा कर उन्होनें शोर मचाया तब तक बदमाश गाड़ी लेकर निकल लिए। इसके बाद बृजराज ने अपने बेटों के साथ इन बदमाशों का मोटरसाइकिल से पीछा किया तो बदमाशों ने तमंचे से फायर कर दिया। फायर की आवाज सुन मोटरसाइकिल सवार बृजराज गिर गए और उन्हें चोट लग गयी। हालांकि मौके की नजाकत देखते हुए बदमाश चुड़िहारन का पुरवा के पास भैंस छोड़कर बदमाश भाग निकले। क्योंकि पीड़ित बृजराज ने बदमाशों को पहचान लिया था इसीलिए गांव के ही धर्मराज, अंकित और गोविन्दा के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर कराई गयी। अब पुलिस अपना कार्य किस तरीके से करती है यह देखने वाली बात होगी।
