विद्युतीकरण की समस्या के निराकरण हेतु सांसद कुंवर हरिवंश सिंह की अध्यक्षता में आज पं0 दीनदयाल उपाध्याय सभागार विकास भवन में विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं गोदरेज, टाटा, आर0के0ए0सी0 कम्पनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में सांसद कुंवर हरिवंश सिंह ने कहा कि सौभाग्य योजना के अन्तर्गत जनपद के समस्त मजरों का विद्युतीकरण होना है। इस योजना में कोई भी घर विद्युतीकरण से अछूता न रहे। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी का सपना है कि समाज के अन्तिम व्यक्ति को विद्युतीकरण योजना से जोड़ा जाये और 2018 तक प्रत्येक मजरे का विद्युतीकरण हो। समीक्षा में आर0के0ए0सी0 कम्पनी के प्रतिनिधि ने बताया कि विद्युतीकरण के 12वीं योजना के अन्तर्गत 5013 मजरों को विद्युतीकरण करने का प्रस्ताव बनाया गया था जिसमेंं 2085 मजरों में विद्युतीकरण हेतु 124 करोड़ रू0 अवमुक्त हुआ है तथा 1485 मजरों में विद्युतीकरण का कार्य पूर्ण कर लिया गया है शेष मजरों में विद्युतीकरण का कार्य चल रहा है। इस पर बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विद्युतीकरण हेतु जिन 2085 मजरांं का चयन किया गया है उसमें किसी भी जनप्रतिनिधियों से प्रस्ताव नही लिया गया इस प्रकरण की जांच की जाये और कम्पनी द्वारा मजरों में विद्युतीकरण के नाम पर लोगों से पैसा लिया गया है इस प्रकरण की भी गम्भीरता से जांच की जाये और दोषी कम्पनी के भुगतान पर रोक और प्राथमिकी दर्ज कर कम्पनी को ब्लैक लिस्ट करने की कार्यवाही की जाये। बैठक में अधिशाषी अभियन्ता विद्युत ने बताया कि कम्पनी के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है और ब्लैक लिस्ट करने की कार्यवाही की जा रही है। सौभाग्य योजनान्तर्गत जनपद के प्रत्येक मजरों में विद्युतीकरण हेतु 725 करोड़ का प्रस्ताव शासन को गया था जिसमें से 325 करोड़ रू0 मजरों के विद्युतीकरण हेतु प्राप्त हो चुका है। जिस पर सांसद महोदय ने कहा कि जनपद के प्रत्येक विकास खण्ड में सौभाग्य योजनान्तर्गत जो भी विद्युतीकरण कार्य होना है उसके सापेक्ष 50 प्रतिशत विद्युतीकरण का कार्य करा लिया जाये।
बैठक में मंत्री मोती सिंह के प्रतिनिधि विनोद पाण्डेय ने कहा कि मीटर कनेक्शन ग्रामीण अंचल में कुछ ऐसे घरों में लगा दिये गये है जहां पर आज तक विद्युतीकरण का कार्य नही हुआ है और विद्युत का बिल आ रहा है। जिस पर सांसद महोदय ने कहा कि यह बहुत ही गम्भीर प्रकरण है इस प्रकरण की गम्भीरता से जांच की जाये और जो भी दोषी कम्पनी हो उनके विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करायी जाये और उनकी जमानत धनराशि को जब्त किया जाये और बिना विद्युत कनेक्शन के जहां भी मीटर लगे है तत्काल उनके विद्युत बिल पर रोक लगायी जाये।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने सांसद कुंवर हरिवंश सिंह, सांसद कौशाम्बी विनोद सोनकर, विधायक रानीगंज धीरज ओझा, विधायक सदर संगम लाल गुप्ता, विधायक विश्वनाथगंज के प्रतिनिधि एवं जनप्रतिनिधियों के प्रतिनिधिगण के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार को जो लक्ष्य है हर घर का विद्युतीकरण हो उस योजना से हर घर को जोड़ा जायेगा। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजकमल यादव सहित विद्युत विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
