कुंडा : मानिकपुर थाना के अंतर्गत आने वाले लाला की बाजार क्षेत्र में सोमवार यानी कल दोपहर कुएं में अचानक एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक की हत्या करके शव कुएं में फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है। हत्या कई दिन पहले की गई है फिलहाल खबर लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो पाई थी। मानिकपुर पुलिस भी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है।
सोमवार को दोपहर के समय कुएं में एक युवक का शव देखा गया। यह कई दिन से पड़े पड़े विकृत रूप में हो गया था। खबर आग की तरह फैली और पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीण इकट्ठा हुए और रस्सी और चारपाई की मदद से शव को कुएं से बाहर निकला।इस वक़्त मानिकपुर थाने के एसओ सुरेश सैनी भी थे।
मृतक के शरीर पर शर्ट व शर्ट के ऊपर नीली टी शर्ट, फुल पैंट था। साथ ही साथ एक सुर्ती की डिबिया भी मिली। मौके पर उपस्थित लोग मृतक की पहचान नहीं कर सके। मौके पर जुटे लोग चर्चा कर रहे थे कि युवक की हत्या लगभग 2 दिन पहले की गई होगी और शव को रात के अंधेरे में कुएं में फेंककर हत्यारे भाग गए होंगे। वहीं एसओ सुरेश सैनी ने कहा कि मृतक के शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ बताया जा सकता है।
