जमीन के विवाद में दोनों पक्षों ने चलाई गोलियां, कोई हताहत नहीं - Pratapgarh Samachar

Breaking

सोमवार, 16 अप्रैल 2018

जमीन के विवाद में दोनों पक्षों ने चलाई गोलियां, कोई हताहत नहीं


आबादी की जमीन  हर आदमी कब्जाना चाहता है। लेकिन इसके लिये जब दो पक्ष अपना दावा मज़बूत करने लगें तो दोनों पक्षों में विवाद हो जाता है। ऐसा ही एक मामला सांगीपुर विकासखंड में देखने को मिला है। एक आबादी की जमीन के लिए दो - तीन दिन से दो पक्षों में तनाव चल रहा था। रविवार के दिन सुबह मामला बिगड़ गया तो दोनों ओर से गोलियां चलाई गयीं। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो आरोपी भाग खड़े हुए। फायरिंग के आरोपियों के परिवार वालों को पुलिस थाने रो ले आई लेकिन किसी पक्ष ने पुलिस को तहरीर देना उचित नहीं समझा।

     प्रतापगढ़ के सांगीपुर थाना क्षेत्र के बवरिहा (पहाड़पुर) के शिव नारायण शुक्ला व रुद्र प्रताप पांडेय ने एक आबादी की जमीन को लेकर विवाद किया हुआ है। यह दोनों इसी जमीन पर कब्जा चाहते हैं। गाँव के लोगों ने बताया कि दो दिन पहले शिव नारायण उसी जमीन पर हैंडपंप लगवा रहा था तब रुद्र प्रताप ने इसकी शिकायत पुलिस से कर दी तो पुलिस ने हैंडपंप लगाने पर रोक लगा दी। जब रोक लग गयी तो रविवार को उसी जमीन पर रुद्र प्रताप ने निर्माण शुरू कर अपना कब्ज़ा जताना चाहा तो शिव नारायण पक्ष ने विरोध करते हुए लड़ाई करने लगा और बात बढ़ी तो एक पक्ष ने लाइसेंसी असलहे से हवाई फायरिंग कर दी। फिर क्या था कोई किसी से कम है क्या इसके बाद तो दूसरे पक्ष ने भी हवाई फायरिंग कर दी। इस तरह जब दोनों पक्षों ने कई राउंड फायरिंग की तो गांव के लोगों में दहशत फैल गई। लोगों ने आनन फानन में पुलिस को सूचित किया लेकिन जब पुलिस पहुंची तो फायरिंग करने वाले  लोग घर छोड़ भाग निकले। विवाद को हल करने के लिए पुलिस ने किसी भी पक्ष का कोई भी निर्माण रोकते हुए दोनों परिवारों के लोगों को थाने ले गई।  जब थाने पहुँचे तो दोनों पक्षों ने सुलह कर ली यहां तक कि पुलिस को कोई लिखित शिकायत तक नहीं दी। वहीं सांगीपुर एसओ चन्द्रकांत उपाध्याय ने फायरिंग से सीधे सीधे इनकार ही कर दिया । एसओ का कहना था कि सोमवार को नायब तहसीलदार की मौजूदगी में जमीन की नाप करा के विवाद का हल करवाया जाएगा।