किसानों को बिना आधार लिंक के ऋण मोचन योजना का लाभ नहीं - Pratapgarh Samachar

Breaking

गुरुवार, 31 अगस्त 2017

किसानों को बिना आधार लिंक के ऋण मोचन योजना का लाभ नहीं


प्रतापगढ़ में ऋण मोचन योजना पर काम तेजी से चल रहा है इसी सन्दर्भ में जिलाधिकारी श्री शरद कुमार सिंह ने जनपद के सभी किसान भाईयों से अपील की है कि फसली ऋण माफी योजना (ऋणमोचन) का लाभ लेने हेतु किसान बन्धु सम्बन्धित बैंक में जाकर अपने बैंक खाते को आधार कार्ड से लिंक कराये जिससे कि उनको ऋण मोचन योजना का लाभ मिल सके। कर्ज माफी योजना के तहत लघु एवं सीमान्त किसानो द्वारा बैंक से लिये गये अधिकतम 1 लाख रू0 तक के फसली ऋण समायोजन के लिये उनको चिन्हित किया जा रहा है। इसके लिये किसानों का आधार नम्बर होना अनिवार्य है। जिन किसानो के पास आधार अब तक नही है वे शीघ्र बनवा ले ताकि उनको ऋण मोचन योजना का लाभ देने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारी/तहसीलदार को निर्देशित करते हुये कहा है कि भूलेख का सत्यापन लेखपाल के माध्यम से 2 दिन में अवश्य करवा लें ताकि किसान बन्धु को ऋण मोचन योजना का लाभ जल्द से जल्द मिल सके। यह प्रदेश सरकार की महत्वपूर्ण योजना है इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाये, इस महत्वपूर्ण योजना में किसी प्रकार की लापरवाही सम्बन्धित अधिकारी द्वारा बरती गयी तो उनके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी।