प्रतापगढ़ में कुपोषण भी एक बड़ी समस्या है जिसके निदान के लिए जिलाधिकारी श्री शरद कुमार सिंह की अध्यक्षता में आज कैम्प कार्यालय में जिला पोषण मिशन की बैठक की गयी। जिसमें जिलाधिकारी महोदय ने गोद लिये गांवों के नोडल अधिकारी, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी को निर्देशित करते हुये कहा कि जनपद को कुपोषण मुक्त बनाने हेतु एक मिशन की तरह अपने कार्य को करे ताकि कुपोषित बच्चो की संख्या में कमी आये। बी0एच0एन0डी0 कार्यक्रम के अन्तर्गत पोषण मिशन की बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि गर्भवती महिलाओ की जांच उस स्थान पर की जाये जहां पर शौचालय की व्यवस्था व बैठने के लिये कमरे की व्यवस्था हो। बैठक में यह भी बताया गया कि बचपन दिवस प्रत्येक माह की 5 तारीख को, ममता दिवस प्रत्येक माह की 15 तारीख तथा लाडली दिवस माह की 25 तारीख को आयोजित होगे। लाडली दिवस में मातृ समिति के सक्रिय सदस्य, स्कूल न जाने वाली किशोरी बालिकाये, स्वयं सहायता समूह के सदस्य, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा, ए0एन0एम0 एवं मुख्य सेविका आदि की प्रमुख भागादारी रहेगी। बैठक में जिलाधिकारी महोदय ने आंगनबाड़ी केन्द्र के निर्माण के सम्बन्ध में अधिशासी अभियन्ता ग्रामीण अभियन्त्रण सेवा विभाग से जानकारी के उपरान्त निर्देशित किये कि आंगनबाड़ी केन्द्रों का निर्माण अक्टूबर 2017 तक अवश्य पूरा करा दिया जाये।
बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सन्तोष कुमार श्रीवास्तव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री0बी0एन0 सिंह, अधिशासी अभियन्ता ग्रामीण अभियन्त्रण सेवा श्री एन0के0 द्विवेदी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्री शशिकान्त पाण्डेय सहित गोद लिये गांव के नोडल अधिकारी एवं समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी उपस्थित रहे।
