चाय की दुकान पर गिरा हाईटेंशन बिजली का तार, दो युवक गंभीर रूप से झुलसे - Pratapgarh Samachar

Breaking

रविवार, 15 अक्टूबर 2017

चाय की दुकान पर गिरा हाईटेंशन बिजली का तार, दो युवक गंभीर रूप से झुलसे

इसी स्थान पर तार गिरने से दो युवक करंट से झुलस गए

पट्टी : बाजार में चाय-नाश्ते की दुकान पर बैठकर चाय पी रहे दो युवकों के ऊपर हाईटेंशन बिजली का तार गिरने से दोनों बुरी तरह से झुलस गए , बाजारवासी आनन-फानन में उन्हें इलाज के जिला अस्पताल ले गए, जहाँ दोनों युवकों की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने उन्हें इलाहाबाद रेफर कर दिया ।

रविवार की सुबह करीब आठ बजे पट्टी कोतवाली क्षेत्र के नारंगपुर बाजार में बेलारामपुर गाँव के रहने वाले रामसागर चौरसिया ( उम्र 32 वर्ष ) पुत्र श्याम लाल चौरसिया व जलालपुर किठौली गाँव निवासी राम मिलन हरिजन ( उम्र 34 वर्ष ) पुत्र राम प्रकाश हरिजन साथ बैठकर चाय पी रहे थे, तभी एकाएक ऊपर से 11000 लाइन का तार टूटकर गिरा और दोनों युवकों को अपने चपेट में ले लिया। घटना के बाद दोनों युवकों को तड़पता देख किसी तरह काफी जद्दोजहद के बाद बाजारवासियों ने उन्हें बिजली की चपेट से छुड़ाया । बाजारवासी उन्हें इलाज के लिए पहले सेठ पन्नालाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पट्टी ले गए, जहाँ चिकित्सकों ने गम्भीर रूप से झुलसे दोनों युवकों को इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जब युवकों के घर वाले उन्हें जिला अस्पताल ले गए तो चिकित्सकों ने दोनों को गंभीर दशा में एसआरएन इलाहबाद के लिए रेफर कर दिया, जहां दोनों युवकों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई । वहीं इस घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में विद्युत विभाग के प्रति आक्रोश बना हुआ है ।