 |
| शटर के बाहर से लगी गोली ने अन्दर का कांच तोड़ा |
कुण्डा : नगर पंचायत चुनाव नजदीक आते ही मारपीट व फायरिंग का दौर जिले में शुरू हो गया। सीट का आरक्षण जारी होते ही प्रत्याशियों में डर व दहशत पैदा करने के लिए उन पर फायरिंग होना भी शुरू हो गयी है। जिले की कुंडा नगर पंचायत में ऐसी ही घटना सामने आई है। जहां शनिवार की देर रात दबंगों ने निकाय चुनाव में अपनी पत्नी को प्रत्याशी बना रहे एक व्यवसायी के घर के नीचे बने कार्यालय पर गोलियों से हमला कर दिया। ये तो अच्छी बात रही कि कार्यालय में कोई मौजूद नहीं था। जिससे कोई भी अप्रिय घटना नहीं घटित हुई।
 |
| घटना से अचंभित खड़े लोग |
 |
| घटना स्थल पर मौजूद पुलिस |
कुण्डा कोतवाली क्षेत्र के इलाहाबाद-लखनऊ राजमार्ग पर स्थित प्रेमनगर मोहल्ले में रहने वाले व्यवसायी संजय कुमार जायसवाल की पत्नी नगर पंचायत कुंडा के चेयरमैन पद की प्रत्याशी हैं। शनिवार को देर रात करीब 11 बजे उनके घर पर आधा दर्जन दबंगों ने उनके कार्यालय को निशाना बनाकर कई राउंड फायर किया। ये महज संयोग था कि उस वक्त संजय जायसवाल अपने कार्यालय के ऊपर छत पर थे, जिससे वह बाल-बाल बच गए, जब रात को फायर हुआ तो उन्होंने सोचा कि कोई पटाखा दगा रहा होगा, लेकिन सुबह जब उन्होंने अपने कार्यालय के शटर पर गोलियों के निशान देखें तो उनके होश उड़ गए। संजय ने तुरंत ही कोतवाली पहुँचकर मामले की तहरीर कोतवाल अभय कुमार को दी। गोली चलने की घटना से पूरे क्षेत्र में डर व दहशत का माहौल है। कुण्डा कोतवाली की पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।