अवैध शराब बेचने वाले को पकड़कर पिटाई के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा - Pratapgarh Samachar

Breaking

रविवार, 19 नवंबर 2017

अवैध शराब बेचने वाले को पकड़कर पिटाई के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा

रानीगंज : जामताली गांव में अवैध रूप से शराब बेचने वाले को ग्रामीणों ने पकड़कर जमकर पिटाई के बाद रानीगंज पुलिस को बुलाकर सौंप दिया। पुलिस आरोपित व्यक्ति व बरामद शराब को लेकर थाने चली गई। रानीगंज कोतवाली क्षेत्र के पुराने जामताली गांव निवासी संजय गौतम के बारे में क्षेत्र में चर्चा थी कि काफी दिनों से वह अवैध देशी शराब बेचने का धंधा करता है। पुलिस को ग्रामीणों द्वारा सूचना देने पर भी पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही थी। शनिवार को एक ग्रामीण ग्राहक बनकर संजय के घर पहुंचा और शराब मांगी तो संजय बोतल निकालकर देने लगा। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे रंगेहाथ पकड़कर जमकर पीटा और उसकी निशानदेही पर तीन पेटी देशी शराब उसके घर से बरामद की। आरोपी संजय ने ग्रामीणों को बताया कि जौनपुर का एक तस्कर उसके घर लाकर अवैध शराब की सप्लाई करता है। वही शराब वह चोरी छिपे बेचता था। इस बाबत रानीगंज थानाध्यक्ष मनीष पांडेय का कहना है कि आरोपित से उसके नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। जांच के बाद आरोपी पर मुकदमा दर्ज करके उसे जेल भेजा जाएगा ।