प्रतापगढ़/कोहड़ौर: सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी के मामले में नरायनपुर निवासी बृजेश ने लालगंज के युवक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराया है। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप। फर्जी ज्वॉइनिग लेटर से चार्ज लेने के लिए पिकअप भवन जाने पर खुला राज।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के नरायनपुर निवासी बृजेश कुमार वर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराया है कि इलाहाबाद में रहने वाले लालगंज के मूल निवासी युवक ने खाद्य विभाग में नौकरी दिलवाने के नाम पर उनसे और उनके साथियों व अन्य लगभग 20 लोगों से 4-4 लाख के हिसाब से करीब 80 लाख रुपये लिए। और अब पैसा वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।
बृजेश ने बताया कि आरोपी युवक ने 2015 में बृजेश को खाद्य विभाग में नौकरी दिलवाने के लिए 2 लाख रुपये एडवांस और दो लाख ज्वॉइनिग लेटर मिलने की बात पर नौकरी दिलवाने के वादा किया। बृजेश तैयार हुआ और अपने कुछ साथियों के साथ फॉर्म आदि भरने के लिए इलाहाबाद गया। आरोपी ने वहाँ सबसे फॉर्म भरवाया और सभी को कुछ दिन बाद फर्जी वेबसाइट पर उनका नाम दिखाकर बताया कि वो पास हो गए हैं, जल्दी ही उन्हें ज्वॉइनिग लेटर दिया जाएगा। ये कहकर उसने सबसे 2-2 लाख रुपये ले लिए। कुछ दिनों बाद उसने सभी को उसी वेबसाइट पर उनके नाम का ज्वॉइनिग लेटर दिखाया और बाकी के 2-2 लाख माँग लिए। बृजेश व उसके साथी ज्वॉइनिग लेटरके साथ जब लखनऊ के गोमती नगर स्थित पिकअप भवन में खाद्य विभाग के कार्यालय में नौकरी का चार्ज लेने आये तब उनके साथ हुई धोखाधड़ी का राज खुला। यहाँ से सभी सीधे आरोपी के घर पहुँचे तो उसने झाँसा देते हुए भर्ती निरस्त होने की बात कही और दूसरी जगह नौकरी दिलवाने के वादा किया। पर इन लोगों ने अपना पैसा वापस मांगा तब आरोपी व उसके पिता ने इन सबको जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। अब इन लोगों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराया है।
