![]() |
प्रतापगढ़| स्टेशन पर रेलवे के डिस्प्ले और एनाउंसमेंट सिस्टम से यात्री आए दिन परेशान हो रहे हैं। रेलवे प्रशासन की लापरवाही के कारण यात्रियों एक प्लेटफार्म से दुसरे प्लेटफार्म भागादौड़ी करनी पड़ रही है। मंगलवार को भी ऐसा ही हुआ। गाडी संख्या 22407 प्रतापगढ़ से दिल्ली गरीब रथ को पहले प्लेटफार्म क्रमांक 2 पर अनाउंसमेंट किया गया, लेकिन बाद में घोषणा की गयी कि ट्रेन प्लेटफार्म क्रमांक 2 पर आने के बजाय प्लेटफार्म क्रमांक 1 पर आएगी। सारे यात्री जिसमें बच्चे, बूढ़े तक शामिल थे, अपना झोला सामन उठाकर प्लेटफार्म 1 पर आ गए, इसके कुछ समय बाद ही फिर से अनाउंसमेंट हुआ कि ट्रेन पहले की तरह प्लेटफार्म क्रमांक 2 पर ही आएगी।
प्रतापगढ़ जंक्शन पर ओवरब्रिज न होने के कारण भी यात्री खासा परेशान हुए। इस प्रकार गलत अनाउंसमेंट और लापरवाही के कारण यात्रियों को बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। यहाँ ऐसा पहले भी कई दफा हो चूका है और यात्री लगेज लेकर एक से दूसरे प्लेटफार्म की दौड़ में कई बार चुटहिल भी हो जाते हैं। वहीं स्टेशन पर रेलवे लाइन पार करना कानूनी अपराध की श्रेणी में आता है। रेलवे में बकायदा इसके लिए सजा का प्रावधान है, ऐसे में ट्रेन पकड़ने के लिए विभाग द्वारा ही रेलवे लाइन पार करवाना कैसे उचित हो गया। पता नही रेल प्रशासन की इस लापरवाही के कारण कब तक यात्रियों को दिक्कत का सामना करना पड़ेगा।
