प्रतापगढ़ की सम्मानित महिलाएं जिन्होंने प्रतापगढ़ का नाम रोशन किया - Pratapgarh Samachar

Breaking

गुरुवार, 8 मार्च 2018

प्रतापगढ़ की सम्मानित महिलाएं जिन्होंने प्रतापगढ़ का नाम रोशन किया

महिला दिवस विशेष| आज महिला दिवस है, अर्थात महिलाओं की आर्थिक, राजनीतिक और सामाजिक उपलब्धियों का पर्व मनाने का दिन। इस वर्ष यह 8 मार्च गुरुवार को मनाया जा रहा है। अन्तरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर प्रतापगढ़ समाचार के जानिब से जनपद की कुछ चुनिन्दा महिलाओ की सूची बनाई गयी है, जिनमें कला, राजनीती, साहित्य व अन्य विभिन्न क्षेत्रो में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतापगढ़ की महिलाओ को शामिल किया गया है। सबसे बड़ी उपलब्धि एक माँ की होती है इसलिए हमनें माँ को भी जगह दी हैं।

 (1) श्वेता तिवारी - शायद बहुत कम लोगों को यह मालूम होगा कि टीवी दुनिया में नाम कमाने वाली अभिनेत्री श्वेता तिवारी का प्रतापगढ़ से अटूट नाता है। जी हां, छोटे पर्दे के साथ बॉलीवुड की फिल्मो में धमाल मचाने वाली श्वेता तिवारी प्रतापगढ़ की रहने वाली हैं। चर्चित शो बिग बॉस की विजेता भी रह चुकी श्वेता का जन्म 4 अक्टूबर 1980 को प्रतापगढ़ में हुआ था। कसौटी जिंदगी की नमक सीरियल से अपनी पहचान बनाने वाली श्वेता ने नागिन, सजन रे झूठ मत बोलो, परवरिश और बालवीर जैसे कई सीरियलों में अपनी एक्टिंग का जलवा बखेरा है।   इसके आलावा दर्जनों से ज्यादा बॉलीवुड फिल्मो में अभिनय किया है और नच बलिया 2 में प्रतिभागी और झलक दिखला जा जैसे रियलिटी शोज की मेजबानी भी की है।


(2) रानी पद्मावती - शायद ही बेल्हा वासियों को इस पद्मावती के बारे में जानकारी हो, लेकिन इनके द्वारा किये गए कार्यो की छत्तीसगढ़ की जनता आज भी इनकी मुरीद है।  हम बात कर रहे है खैरागढ़ की रानी पद्मावती की, जिनका जन्म अवध के प्रतापगढ़ रियासत में राजा प्रताप बहादुर सिंह के घर वर्ष 1918 में हुआ था। मात्र 16 साल की उम्र में उनका विवाह खैरागढ़ के राजा वीरेन्द्र बहादुर सिंह के संग करा दिया गया। इन्हें  एशिया का पहला संगीत विश्वविद्यालय खैरागढ़ यूनिवर्सिटी के संस्थापिका के रूप में जाना जाता है। शिक्षा, कला, साहित्य को बढ़ावा देने में इनका अतुल्य योगदान रहा।  प्रतापगढ़ की इस राजकुमारी को मध्य प्रदेश की प्रथम महिला मंत्री होने का भी गौरव प्राप्त है। रानी पद्मावती देवी सन् 1952 से 1967 तक विधानसभा सदस्य और सन् 1967 से 1971 तक लोकसभा सांसद रहीं। सन् 1956 से 1967 तक मध्यप्रदेश राज्य शासन के लोकस्वास्थ्य, समाज कल्याण, यांत्रिकी और नगर निकाय आदि विभागों में मंत्री पद पर रहीं थीं। उनकी लोकप्रियता का आलम ये था कि 1957 के विधान सभा चुनाव में वे वीरेन्द्र नगर से निर्विरोध विधान सभा चुनी गई थीं।

 (3) राजकुमारी रत्ना सिंह - देश के पूर्व विदेश मंत्री राजा देश सिंह की छठी पुत्री है राजकुमारी रत्ना सिंह, जो कालाकांकर राजघराने से आती है। राजनीति के क्षेत्र में रत्ना सिंह मात्र जिले की ही नही बल्कि सूबे की दमदार शक्सियत है। बेल्हा में राजनीति रत्ना सिंह और राजा भैया के इर्दगिर्द घुमती है। कई दफा प्रतापगढ़ की सांसद रह चुकी है। लोकसभा चुनावों में एक बार राजा भैया के भदरी घराने ने कलाकांकर रियासत को धूल चटाई तो दूसरी बार रत्ना ने उसी तेवर से अक्षय प्रताप को हराकर करारा जवाब दिया था। कॉमर्स में ग्रेजुएशन करने वाली रत्ना सिंह का जन्म 29 अप्रैल 1959 को हुआ। नेशनल इलेक्शन वाच के मुताबित राजकुमारी रत्ना सिंह भारत की सबसे अमीर महिला सांसद रहीं हैं, जिनकी कुल संपत्ति 67 करोड़ 82 लाख रुपये आंकी गयी है। 


(4) आराधना मिश्रा उर्फ़ मोना - जिले के रामपुर खास विधानसभा से विधायक है।  इसके पहले कई बार ब्लाक प्रमुख भी रह चुकी है। मोना कांग्रेस के कद्दावर नेता व राज्य सभा सांसद प्रमोद तिवारी की बेटी है। 

 (5) तारा सिंह - राष्ट्रीय और अन्तर्राष्ट्रीय प्रसिद्धि पा चुकी साहित्यकार, कवियित्री डॉ० तारा सिंह 32 पुस्तकों की लेखिका है, जिनमें कविता संग्रह, ग़जल संग्रह, कहानी व उपन्यास शामिल है। इम्वा (IMWA) अवार्ड 2016 की विजेता तारा सिंह फ़िलहाल प्रतापगढ़ में सांस्कृतिक, साहित्यिक, एवं कला संगम अकादमी में कार्यकारी अध्यक्ष हैं। इनके साहित्यिक योगदान के लिए इन्हें वुमन ऑफ़ दी इयर अवार्ड, मदर टेरेसा अवार्ड, कबीर पुरस्कार, भारत भूषण अवार्ड, इण्डो-नेपाल सद्भावना अवार्ड, राजीव गांधी अवार्ड व भारत ज्योति अवार्ड जैसे कई पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है। 

 (6) क्षमा मिश्रा - IPS : सिविल सेवा परीक्षा में सगे भाई बहन वाली बात तो पूरे भारत में प्रसिद्ध हुई थी। क्षमा मिश्रा भी उन्ही भाई बहन में से एक थी जिन्होंने प्रतापगढ़ का नाम पूरे भारतवर्ष में ऊंचा किया। चारों भाई बहन के सेलेक्शन से प्रतापगढ़ की लालगंज तहसील के गांव इटौरी में खुशियां मनाई गई। क्षमा मिश्रा का सेलेक्शन आईपीएस में हुआ और वर्तमान में कर्नाटक में इनकी पोस्टिंग है।

 (7) माधवी मिश्रा - IAS : क्षमा मिश्रा की छोटी बहन जिनका नाम माधवी मिश्रा है। इन्होंने भी अपनी बहन की तरह ही प्रतापगढ़ का नाम रोशन किया और बड़ी बहन क्षमा से पहले पहले ही माधवी का चयन आईएएस में हो चुका था। माधवी मिश्रा भी प्रतापगढ़ की लालगंज तहसील के गांव इटौरी के निवासी हैं। वर्तमान में एसडीओ पद पर जमशेदपुर, झारखंड में तैनात हैं। इन सभी महिलाओं ने प्रतापगढ़ का नाम रोशन किया है और आज उन्हीं का दिन है।

 :प्रतापगढ़ समाचार टीम