दुर्घटना में घायल अधेड़ की लापरवाही से हुई मौत, पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से किया इनकार - Pratapgarh Samachar

Breaking

रविवार, 26 नवंबर 2017

दुर्घटना में घायल अधेड़ की लापरवाही से हुई मौत, पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने से किया इनकार


लालगंज/संग्रामगढ़| सड़क पर चलते हुए जरा सी लापरवाही कितनी भारी पड़ सकती है ये संग्रामगढ़ के भिटारी में देखने को मिला, जहाँ बोलेरो से उतर रहे अधेड़ को बाइक सवार ने टक्कर मारी और बाद में अधेड़ की मृत्यु हो गयी। हालांकि सीएचसी में प्राथमिक चिकित्सा के बाद जिला अस्पताल के लिए रेफर किये जाने के बाद भी घायल व्यक्ति अपने घर चला गया।


        घटना संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के भिटारी गाँव मे हुई जहाँ बारात में बोलेरो लेकर गए लालगंज थाना क्षेत्र के टोडरपुर निवासी मोहम्मद रईस (45 वर्ष) पुत्र मलिक अली को बाराती उतारने के बाद संग्रामगढ़-सलवन मार्ग के किनारे बोलेरो खड़ी करके उतरते समय पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दिया। जिससे रईस सड़क पर गिर पड़ा, बारातियों ने उसे उठाकर ग्रामीणों की मदद से संग्रामगढ़ सीएचसी पहुंचाया जहाँ रईस की हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर किया, लेकिन लोगों ने बताया कि वो जिला अस्पताल न जाकर अपने घर चला गया, जहाँ रात में ही उसकी मौत हो गयी। सुबह परिजन उसे लेकर संग्रामगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। डॉक्टरों ने पुलिस को सूचना देने की बात कही। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने और मुकदमा दर्ज करने से मना कर दिया। परेशान परिजन शव लेकर घर लौट गए।