मनरेगा योजना में दो करोड़ का घोटाला, बीडीओ भी जाँच के घेरे में - Pratapgarh Samachar

Breaking

रविवार, 26 नवंबर 2017

मनरेगा योजना में दो करोड़ का घोटाला, बीडीओ भी जाँच के घेरे में


संडवा चन्द्रिका| मनरेगा योजना जब से लागू की गई है तभी से इसमे बराबर किसी न किसी घोटाले की बात सामने आती रही है। ताजा मामला संडवा चन्द्रिका ब्लॉक से है। जहां दो करोड़ के घोटाले का खुलासा हुआ है। राज्यपाल ने शासन की रिपोर्ट के आधार पर बीडीओ के खिलाफ कार्यवाही का आदेश दिया है। संयुक्त विकास आयुक्त इलाहाबाद को जाँच अधिकारी नियुक्त किया गया।
      पिछले दिनों ही ये खबर उड़ी थी कि संडवा चन्द्रिका ब्लॉक के कई गाँवों में बिना कार्ययोजना के ही करोड़ों रुपये का भुगतान कर दिया गया है। इस मामले को जाँच में सही पाया गया और ब्लॉक के करीब 22 ग्राम पंचायतों में ये घोटाला किया गया है। इस दो करोड़ के घपले में ग्राम प्रधानों के साथ साथ सेक्रेटरी से भी वसूली का आदेश जारी हुआ है।
      मामले में बीडीओ के भी संलिप्तता की आशंका के मद्देनजर शासन को रिपोर्ट भेजी गई थी। जिसके तहत शासन से राज्यपाल को पत्रावली भेजी गई और अब राज्यपाल ने बीडीओ के खिलाफ विभागीय जाँच कर कार्यवाई का आदेश दिया है। इस मामले में बीडीओ कुसुमलता भी दोषी पाई गई हैं और इनकी जाँच के लिए संयुक्त विकास आयुक्त इलाहाबाद को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। डीडीओ राजेन्द्र कुमार वर्मा ने बताया कि बीडीओ के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का आदेश राज्यपाल की तरफ से आ गया है। जल्द ही मामले में पूरी तरह खुलासा हो जाएगा।