कुण्डा: पूजा के समय बकरी गायब होने की कहावत तो सबने सुनी होगी, पर यहाँ तो शादी के समय दूल्हा ही गायब हो गया। मिला भी तो आधी रात में मुहूर्त बीतने के बाद।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के परियावां गाँव के रहने वाले एक परिवार के लोग रेलवे में नौकरी के कारण ऊंचाहार में रहते हैं। बेटे की शादी कुंडा में तय हुई। तिलक अपने नियत मुहूर्त पर पहले ही चढ़ चुका था। मंगलवार को कुंडा में लड़की पक्ष के लोग बरात की अगवानी की तैयारियों में व्यस्त थे। उधर ऊंचाहार में भी सारी तैयारियां अपने नियत समय से चल रही थी। जब दूल्हे की तैयारियों की बारी आई तो दूल्हा ही गायब। थोड़ी देर तो लोगों ने समझा कि शायद इधर-उधर कहीं होगा, पर जब बहुत देर हो गयी और कुछ पता नही चला तो सब घबरा गए। जब बहुत देर तक खोजबीन के बाद भी कुछ पता नही चला तो दुल्हन पक्ष को भी सूचना दी गयी। दोनो पक्ष के लोग अपने स्तर से खोजबीन में जुटे और साथ ही पुलिस को भी सूचित किया गया। रात करीब 11 बजे ऊंचाहार पुलिस ने दूल्हे को एनटीपीसी कालोनी से बरामद किया। पर अब क्या हो सकता था, मुहूर्त तो बीत चुका था।
दूल्हे के गायब होने की बात पर पूरे क्षेत्र में अलग-अलग चर्चा होती है। घरवाले भी इस पर कुछ नही बोल रहे। लोगों में चर्चा है कि दूल्हे ने पुलिस को गायब होने का कारण लड़की न पसन्द होना बताया।
