प्रेम-प्रसंग के चलते अपहरण कर हत्या का प्रयास - Pratapgarh Samachar

Breaking

बुधवार, 22 नवंबर 2017

प्रेम-प्रसंग के चलते अपहरण कर हत्या का प्रयास

गम्भीरावस्था में युवक जो बेहद डरा हुआ है
मान्धाता: दिनदहाड़े युवक का अपहरण कर जान से मारने का किया प्रयास। शोर सुनकर लोगों के इकट्ठा होने पर भागे अपहरणकर्ता। युवक की हालत गम्भीर, जिला अस्पताल रिफर।
       मान्धाता थाना क्षेत्र के गजेहड़ी गाँव निवासी संदीप सरोज (22वर्ष) पुत्र रमेश चंद्र सरोज को मारुती वैन से आये बदमाशों ने दिन के एक बजे ही उसके घर के पास से उठा लिया और आर एल पब्लिक स्कूल के पास पहले से ही खड़े अन्य पाँच साथियों के साथ मिलकर चाकू व हॉकी से हमलाकर मारने का प्रयास किया। लोगों ने जब संदीप की चीख सुनी तो भागकर उधर गए, भीड़ आती देख बदमाश फरार हो गए। जानकारी के मुताबिक विमल विश्वकर्मा पुत्र मुन्ना निवासी मड़ियारी थाना जेठवारा ने उसके दो साथी गोलू उर्फ सूर्यप्रकाश पुत्र राम सजीवन व कुन्दन पुत्र राम प्रकाश निवासी गजेहड़ी के साथ मिलकर पहले संदीप को उसके घर से उठाया और पब्लिक स्कूल के पास पहले से खड़े पाँच साथियों के साथ उसे मारने का प्रयास किया। वो तो शोर सुनकर लोग आ गए और संदीप की जान बची। संदीप को गंभीर हालत में मान्धाता पीएचसी ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उसकी स्थिति देखते हुए जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।

       थाना प्रभारी मान्धाता ने बताया कि "मारपीट की तहरीर मिली है, फोर्स मौके पर गयी है।" पीड़ित ने मारपीट और अपहरण के आरोप को क्रिकेट के खेल में हुआ विवाद बताया है। परन्तु गाँव में चल रही चर्चा को मानें तो ये मोहब्बत और नाजायज संबंधों का मामला है। गाँव मे चल रही चर्चा के अनुसार मड़ियारी गाँव के विमल की बहन अपने ननिहाल में  राम सजीवन के यहाँ आई थी, जहाँ संदीप से उसे प्यार हो गया और ये दोनों चोरी छुपे अवैध सम्बन्ध बनाने लगे। इसकी जानकारी जब राम सजीवन के परिवार में हुई तो उन्होंने लड़की को वापस उसके घर भेज दिया। आज की घटना को गाँव वाले उस विजातीय प्रेम सम्बन्ध का प्रतिशोध बता रहे हैं। फिलहाल सभी बदमाश फरार हैं, पुलिस उनकी खोज में दबिश दे रही है।