राजा भइया ने पूरा किया 24 वर्षों का राजनीतिक सफर, फेसबुक पेज पर रखे अपने विचार - Pratapgarh Samachar

Breaking

गुरुवार, 30 नवंबर 2017

राजा भइया ने पूरा किया 24 वर्षों का राजनीतिक सफर, फेसबुक पेज पर रखे अपने विचार


कुंडा विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह " राजा भइया " ने बृहस्पतिवार को अपने राजनीतिक जीवन के 24 वर्ष पूरे किये। प्रतापगढ़ की चर्चित विधानसभा कुंडा से लगातार छठवीं बार निर्दलीय विधायक बने राजा भइया पहली बार 30 नवंबर 1993 को कुंडा के विधायक रह चुके कांग्रेसी नेता नियाज हसन के पुत्र ताहिर हुसैन को निर्दलीय लड़ते हुए हराकर पहली बार विधायक निर्वाचित हुए थे।
इसके बाद राजा भइया ने कभी भी पीछे मुड़कर नहीं देखा और 1996 में पुनः कुंडा से दुबारा विधायक निर्वाचित हुए। राजा भइया सन् 1997 में पहली बार कल्याण सिंह की सरकार में कैबिनेट मंत्री बनकर कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग संभाला,  उसके बाद सन् 1999 में रामप्रकाश गुप्त की सरकार में खेलकूद, युवा कल्याण एवं प्रांतीय विकास दल मंत्री बने और सन् 2000 में राजनाथ सिंह की  सरकार में पुन: खेलकूद, युवा कल्याण एवं प्रांतीय विकास दल मंत्री बने । सन 2002 में प्रदेश की तत्कालीन मुख्यमंत्री मायावती ने उनपर विद्वेषवश आतंकवाद निरोधी कानून पोटा के तहत कार्यवाही की। राजा भइया करीब 22 महीने जेल में रहे। जेल में रहते हुए उन्होंने मुलायम सिंह यादव के पक्ष में विधायकों को एकजुट करते हुए 2004 में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनवाई।  सन् 2004 में मायावती को हटाकर मुलायम सिंह यादव ने मुख्यमंत्री बनते ही राजा भइया पर से पोटा का केस वापस ले लिया और  राजा भइया को अपनी कैबिनेट में खाद्य, रसद व आपूर्ति मंत्री बनाया, सन् 2012 में प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत से बनी सपा सरकार में राजा भइया को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाने के साथ ही खाद्य,रसद व आपूर्ति एवं कारागार जैसा महत्वपूर्ण विभाग भी दिया गया था ।
 लेकिन 2 मार्च 2013 को कुंडा के बलीपुर गाँव में हुए कुंडा सर्किल के डिप्टी एसपी जियाउल हक के हत्याकांड में नाम आने के बाद राजा भइया को इस्तीफ़ा देना पड़ा, लेकिन बाद में घटना की सीबीआई जांच में पूर्णतः निर्दोष पाए जाने के बाद 11 अक्टूबर 2013 को पुनः  कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई थी । और राजा भइया दुबारा खाद्य, रसद व आपूर्ति मंत्री बने । अक्टूबर 2015 में मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा कैबिनेट में हुए फेरबदल के बाद उनसे खाद्य रसद व आपूर्ति विभाग लेकर उन्हें स्टाम्प,पंजीयन, न्यायालय शुल्क एवं नागरिक सुरक्षा विभाग दे दिया गया था । वर्तमान में राजा भैया कुण्डा विधानसभा से 2017    में उत्तर प्रदेश में संपन्न हुए विधानसभा चुनाव में एक लाख से अधिक मतों से विजयी होकर विधानसभा पहुंचे हैं ।

अपने 24 वर्ष के राजनीतिक सफर में विभिन्न उतार चढ़ाव देखने के बाद भी उत्तर प्रदेश की राजनीति में राजा भइया का जादू लोगों के सिर पर चढ़कर बोलता है और हर बार राजा भइया रिकॉर्ड मतों से जीतकर विधानसभा में पहुंचते हैं।
   राजा भइया सोशल मीडिया पर भी सक्रिय हैं। इस समय राजा भइया यूथ ब्रिगेड नाम से एक आधिकारिक फ़ेसबुक पेज चल रहा है। जिस पर राजा भइया द्वारा की गई गतिविधियों व राजा भइया के विचारों को डायरेक्ट  कार्यकर्ताओं व आम जनमानस तक पहुँचाया जाता है। राजा भइया की ट्वीटर आईडी भी है। जिस पर देश , प्रदेश के गंभीर मुद्दों पर ट्वीट होते रहते हैं।
  आज 24 वर्ष पूर्ण होने पर राजा भैया के पेज पर उनके विचारों को प्रस्तुत किया गया।