जिलाधिकारी शम्भु कुमार की पत्नी और आकांक्षा समिति की पदेन अध्यक्ष डा0 स्निग्धा रश्मि ने समाज के लोगो से मार्मिक अपील की है कि एड्स पीड़ित व एच0आई0वी0 पाजिटिव लोगो के प्रति समाज का रवैया सकारात्मक व सहानुभूतिपूर्ण होना चाहिये न कि उपेक्षात्मक। डा0 रश्मि विश्व एड्स दिवस के अवसर पर आज एम0डी0पी0जी कालेज परिसर में आयोजित एक समारोह में एड्स पर आधारित स्लोगन व भाषण प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर रही थी। कर्नाटक में ‘‘सर्गुल’’ का उदाहरण देते हुये उन्होने कहा कि कर्नाटक राज्य में सर्गुल एक ऐसा स्थान है जहां पर एड्स पीड़ित या एच0आई0पी0 पाजिटिव लोगों के लिये उनके सम्मान व उनमें सकारात्मक सोच पैदा करने के लिये बड़ा ही सराहनीय कार्य समाज के द्वारा किया जा रहा है। इसी प्रकार की भावना के साथ जनपद प्रतापगढ़ में भी एच0आई0पी0 पाजिटिव लोगो के प्रति एक अत्यन्त ही सकारात्मक सोच के तहत उनके लिये कार्य करने की जरूरत है और इस अभियान में प्रतापगढ़ नेटवर्क फार पीपुल विथ एच0आई0वी0 पाजिटिव/एड्स सोसाइटी सराहनीय कार्य कर रही है और इसके लिये विनोद कुमार यादव सचिव पी0एन0पी0 प्लस व माया की सराहना की जानी चाहिये।
कार्यक्रम के प्रारम्भ में मुख्य अतिथि डा0 स्निग्धा रश्मि एम0डी0 (इण्टरनल मेडिसिन) ने द्वीप प्रज्जवलन एवं हस्ताक्षर कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। उन्होने विद्यालयी बच्चो से एड्स जागरूकता के सम्बन्ध में प्रश्न भी पूछे और सही उत्तर देने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया। डा0 रश्मि ने महाविद्यालय में विश्व एड्स दिवस के अवसर पर आयोजित भाषण व स्लोगन प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया। प्रतियोगिता में महाविद्यालयी स्तर के कुल 150 बच्चो ने भाग लिया था जिनमें स्लोगन प्रतियोगिता में जान्हवी त्रिपाठी प्रथम, समीक्षा श्रीवास्तव द्वितीय व शालिनी गुप्ता तृतीय को उन्होने पुरस्कृत किया। कार्यक्रम के प्रारम्भ में एम0डी0पी0जी0 कालेज के प्राचार्य अयोध्यानाथ त्रिपाठी ने जिलाधिकारी की पत्नी के अलावा चिकित्साधिकारी जिला क्षय रोग केन्द्र डा0 वन्दना जायसवाल, प्रभारी सी0एम0ओ0 डा0 एस0के0 सिंह, कोपल सोसाइटी के सचिव अनिल पाण्डेय, किरन मिश्रा प्रो0 एम0डी0पी0जी0 कालेज, श्री हेमन्तनन्दन ओझा समाजसेवी का स्वागत किया।
कार्यक्रम में स्वयं एच0आई0वी0 ग्रसित विनोद कुमार यादव सचिव पी0एन0पी0 प्लस व माया ने अपने बीमारी का अनुभव प्रस्तुत करते हुये समाज के लोगों से अपील किया कि एच0आई0वी0 पाजिटिव व एड्स पीड़ित लोग समाज से है और इन्हें इनके प्रति किसी प्रकार की उपेक्षा के भाव न रखा जाये बल्कि इनके प्रति समाज सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करे। श्री यादव ने यह भी बताया कि उनकी संस्था प्रतापगढ़ में कुल 2458 एच0आई0वी0 पाजिटिव को चिन्हित कर उनके लिये जहां सरकारी योजनाओ को उपलब्ध कराने के लिये प्रशासन से सम्पर्क कर सुविधाये उपलब्ध करा रही है वहीं संस्था ने 10 एच0आई0वी0 पाजिटिव की शादी भी करायी है और संस्था का यह प्रयास होता है कि एच0आई0वी0 पाजिटिव लोगो की शादी एच0आई0वी0 निगेटिव से न हो। उन्होने बताया कि एच0आई0वी0 पाजिटिव को बेहतर उपचार व उचित परामर्श देने का भी कार्य उनकी संस्था कर रही है। आज के इस कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र/छात्राओ के अलावा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता उपस्थित थी।
