बेल्हा की चर्चित नगर पंचायत कुंडा में पति के बाद अब पत्नी नगर पंचायत अध्यक्ष बन गई है। यहां निवर्तमान नगर पंचायत अध्यक्ष गुलशन यादव की पत्नी सीमा यादव को भारी मतों से जीत मिली है। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी दीपा जायसवाल को 4792 मतों से हराया। कुण्डा नगर पंचायत की जनता का एक बार फिर से गुलशन यादव को जनता का समर्थन मिला है।
नगर पंचायत कुंडा में कुल 16 प्रत्याशियों ने नामांकन किया था। प्रचार प्रसार के दौरान सभी ने अपने एजेंटे जनता को बताए और चुनाव लड़ा। पिछली बार के चुनाव में रनर रहे विजय पटेल की मां चौरासा देवी ने इस बार फिर से ताल ठोंकी थी। चुनाव के दौरान ऐसा लग रहा था कि गुलशन की पत्नी सीमा से दीपा जायसवाल पत्नी संजय जायसवाल की लड़ाई है। हवा के साथ ही माहौल भी कुछ ऐसा था, लेकिन नगर पंचायत की जनता फैसला 23 को ही सुना चुकी थी। गणना के प्रथम चक्र में ही सीमा यादव ने दीपा से 1200 वोटों से बढ़त ले ली। पहली बार में सीमा को 1888 तो दीपा को 688 वोट मिले। दूसरे राउंड में सीमा ने 1338 वोटों की लीड ली। इसके बाद तीसरे चौथे के बाद पांचवें राउंड में एकतरफा 4792 वोटों से विजय हासिल कर ली।
दीपा को कुल 2670 और सीमा को 7462 वोट मिले। कुंडा नगर पंचायत में राष्ट्रीय दलों की हालत खस्ता रही। यहां सपा और कांग्रेस ने अपना उम्मीवार नहीं खड़ा किया था, जबकि भाजपा और बसपा पूरी तरह से लड़ाई से बाहर दिखीं। भाजपा प्रत्याशी को यहां मात्र 296 वोट ही मिल सके। बसपा की तो हवा निकल गई। बसपा प्रत्याशी किरन सिर्फ 41 वोट ही हासिल कर सकीं और नौवें नंबर पर रहीं। कुण्डा नगर पंचायत की प्रथम नागरिक चुनीं गयी सीमा यादव के पति व कुण्डा नगर पंचायत के निवर्तमान चेयरमैन गुलशन यादव जानलेवा हमले के एक मामले में जेल में निरुद्ध हैं। इस बार सीमा यादव की प्रचार कमान उनके देवर व सपा जिला उपाध्यक्ष छविनाथ यादव ने संभाली थी। सीमा यादव अपनी सास व मउदारा गांव की प्रधान शशिप्रभा यादव के साथ घूम-घूमकर वोट मांगे थे। अपने पति के द्वारा किये गए विकास के नाम पर वोट मांगने वाली सीमा को कुण्डा नगरवासियों ने ऐतिहासिक मतों से विजयी बनाया ।

