कंधई: बदमाशों ने युवक को लूट के इरादे से गोली मारी। चौकी के सिपाहियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहाँ से प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया।
कंधई थाना क्षेत्र के दीवानगंज पुलिस चौकी के पास स्थित शीतलागंज बाजार के नजदीक शुक्रवार की शाम लूट के इरादे से घात लगाए पल्सर सवार तीन बदमाशों ने प्रतापगढ़ की तरफ से आ रहे अपाची सवार युवक को पीछे से गोली मारी। जिससे युवक गिर पड़ा। उड़ैयाडीह निवासी दुर्गेश कुमार पाल उम्र 23 वर्ष अपनी बुआ को उनके घर प्रतापगढ़ छोड़कर वापस आ रहा था। शीतलागंज बाजार के पास पहले से घात लगाए बैठे पल्सर सवार तीन युवकों ने उसकी बाइक लूटने के इरादे से पीछे से फायर किया जिसका छर्रा लगने से दुर्गेश गिर पड़ा। किसी तरह वो दीवानगंज चौकी पहुँचा जहाँ से सिपाही उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेलखरनाथ ले गए। वहाँ डॉक्टरों ने प्राथमिक चिकित्सा के बाद जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस बदमाशों की खोज में है।
