जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पं0) शम्भू कुमार ने राज्य निर्वाचन आयोग उ0प्र0 (पंचायत एवं नगरीय निकाय) के निर्देश के क्रम में जनपद प्रतापगढ़ के ग्राम प्रधान के 03, ग्राम पंचायत सदस्य के 62 एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य के 07 रिक्त स्थानो/पदों जो मा0 न्यायालय के स्थगनादेश से बाधित न हो पर उप निर्वाचन की तिथि निर्धारित कर दी गयी है। जिला मजिस्ट्रेट/जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) की सचूना के अधीन निर्वाचन अधिकारी (पं0) अपने से सम्बन्धित ग्राम पंचायतो के सदस्यो एवं प्रधानो तथा क्षेत्र पंचायत सदस्यों के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों का पूर्ण विवरण देते हुये अपने स्तर से सार्वजनिक सूचना दिनांक 05 फरवरी 2018 को निर्गत करेगे।
निर्धारित तिथि के अनुसार नाम निर्देशन पत्रों के जमा करने की अन्तिम तिथि 12 फरवरी को पूर्वान्ह 10 बजे से अपरान्ह 4 बजे तक, नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा दिनांक 13 फरवरी को पूर्वान्ह 10 बजे से कार्य की समाप्ति तक, उम्मीदवारी वापस लेने का तिथि 15 फरवरी को पूर्वान्ह 10 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक, प्रतीक आवंटन दिनांक 15 फरवरी को अपरान्ह 3 बजे से कार्य की समाप्ति तक, मतदान दिनांक 22 फरवरी को पूर्वान्ह 7 बजे से अपरान्ह 5 बजे तक एवं मतगणना दिनांक 24 फरवरी 2018 को पूर्वान्ह 8 बजे से कार्य की समाप्ति तक होगी। इस निर्वाचन में वही प्रक्रिया अपनायी जायेगी जो राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित एवं निर्देशित है। उक्त निर्वाचन हेतु नामांकन पत्र दाखिल करने, इनकी जांच करने व उम्मीदवारी वापस लेने, चुनाव चिन्ह आवंटन तथा मतगणना का कार्य सम्बन्धित क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर होगा। परिणाम की घोषणा भी सम्बन्धित क्षेत्र पंचायत के मुख्यालय पर की जायेगी। उक्त समय-सारिणी के मध्य पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाश दिवसों में भी सम्बन्धित कार्यालय खुले रहेगे और निर्धारित समय सारिणी के अनुसार कार्यवाही की जायेगी।
