अंततः लालगंज ब्लॉक प्रमुखी चुनाव आज, लालगंज का माहौल रहेगा गर्म, जानिये क्या है खास ? - Pratapgarh Samachar

Breaking

शुक्रवार, 9 मार्च 2018

अंततः लालगंज ब्लॉक प्रमुखी चुनाव आज, लालगंज का माहौल रहेगा गर्म, जानिये क्या है खास ?

ब्लॉक प्रमुख का पद कितना ललचाता है लोगों को यह बात लालगंज ब्लॉक प्रमुखी का चुनाव का माहौल देखने भर से पता लग जाती है। एक ब्लॉक प्रमुख अपने आप को किसी विधायक से 19 ही समझता है लेकिन 18 नहीं । कई बार ब्लॉक प्रमुख बनने के बाद लोग विधायक जैसी जीवन शैली को अपना कर जीना चाहते हैं।
यही वजह है कि इस मलाईदार पद के लिए लालगंज प्रतापगढ़ ब्लॉक प्रमुख के लिए 3 नामांकन किये गए हैं एक रमेश प्रताप सिंह (निवर्तमान ब्लाक प्रमुख लालगंज ) ने किया है एक उनके विरोधी खेमे से सुरेंद्र सिंह तथा एक अन्य जितेंद्र सिंह ने किया है। इतना मलाईदार पद होने की वजह से प्रमुख प्रत्याशी लाखों करोङों खर्च करने पर आमादा दिख रहे हैं। यहां तक कि कोर्ट से लेकर जिला स्तर से लेकर हर तरह से चुनाव रुकवाने या चुनाव जीतने की गोटियां बिछाई जा चुकी हैं। बीडीसी को मैनेज किया जा रहा है। यह सब करने में कभी प्रत्याशी सफ़ल हो रहे हैं और कभी असफल।
         सभी को पता है कि रामपुर खास से विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी रहे नागेश प्रताप सिंह उर्फ छोटे सरकार के बड़े भाई रमेश प्रताप सिंह पूर्व में निर्दलीय तौर पर लालगंज ब्लॉक प्रमुख का चुनाव जीता था । लेकिन राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी और विधायिका आराधना मिश्रा उर्फ मोना का गढ़ होने के कारण रमेश प्रताप सिंह ज्यादा दिन अपनी प्रमुखी बचा नहीं पाए और प्रमुखी चुनाव में नम्बर दो पर रहे सुरेंद्र सिंह ने बीडीसी सदस्यों को इक्कट्ठा कर अविश्वास प्रस्ताव लाकर रमेश प्रताप सिंह की कुर्सी छीन ली।

      अब इसी सीट के लिए लालगंज ब्लॉक में ब्लॉक प्रमुखी का उपचुनाव होने जा रहा है। अतएव ब्लॉक प्रमुख पद के लिए शुक्रवार को मतदान होगा। प्रशासन द्वारा तैयारी पूरी कर ली गई हैं। शाम तक परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा। लालगंज ब्लॉक में प्रमुख पद के उपचुनाव के लिए 11 बजे से ब्लॉक सभागार में मतदान शुरू होगा। मतदान का समय तीन बजे तक निर्धारित है। इसके बाद ही मतगणना होगी व लगभग चार बजे तक वोटिंग का निष्कर्ष भी घोषित कर दिया जाएगा। उपचुनाव में लगे कर्मचारियों को समय से मौजूद रहने का निर्देश दिया है।

   मतदानकर्मी के अलावा मतदाता ही कर पायेगा प्रवेश 

 आज शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख उपचुनाव के लिए लालगंज की पुलिस को जो सख्ती दिखाना है उनमें सबसे प्रमुख बिंदु यही है कि ब्लॉक परिसर में कर्मचारियों के अलावा केवल बीडीसी मतदाता को ही प्रवेश दिया जाएगा। पुलिसकर्मियों को हर हाल में 9 बजे तक अपनी पोजीशन ले लेनी है।
    आर.ओ. एस.डी.एम. सदर पंकज वर्मा ने कहा कि नामांकन वापिस किसी भी प्रत्याशी ने नहीं लिया है इसीलिए कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी सुरेन्द्र सिंह, भाजपा समर्थित रमेश प्रताप सिंह व निर्दलीय प्रत्याशी जितेन्द्र सिंह के बीच यह मुकाबला होगा।

    कोर्ट के आदेश की वजह से गुरुवार शाम भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई

 लालगंज के ब्लॉक प्रमुख पद पर विराजमान रमेश प्रताप सिंह के खिलाफ तीन महीने पूर्व पिछले चुनाव में हारे हुए प्रत्याशी सुरेन्द्र सिंह की ओर से अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। जिसमें बाद में रमेश प्रताप सिंह की करारी हार हुई थी। लेकिन रमेश उसके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट चले गए थे। गुरुवार को शाम के समय हाई कोर्ट ने अविश्वास प्रकिया पर स्थगन का आदेश पारित कर दिया। अब इस आदेश के आते ही राजनीतिक तौर सक्रिय लोगों में भ्रम की स्थित उत्पन हो गयी। लोग सोचने लगे कि क्या कल होने वाली मतदान प्रकिया रूकेगी या मतदान होगा।।
जब इसके बाबत वकीलों से संपर्क किया गया तो उनका कहना था कि फिलहाल इस आदेश का कल होने वाले मतदान पर कोई असर नहीं होगा। वहीं दूसरी ओर गुरुवार रात करीब साढ़े आठ बजे रमेश प्रताप सिंह अपने समर्थकों के साथ डीएम कैम्प कार्यालय पहुंचे और कोर्ट के आदेश की प्रति डीएम को सौंपी। डीएम शम्भु कुमार ने कहा है कि वर्तमान में वह कुछ नहीं कह सकते हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश को चुनाव आयोग को फैक्स के माध्यम से भेज दिया गया है। चुनाव आयोग का जैसा आदेश होगा वैसे किया जाएगा। फिलहाल अभी तक तो चुनाव पर कोई रोक नहीं है। पूर्व निर्धारित तिथि मतलब आज बी.डी.सी.सदस्य मतदान करेगें। अपडेट : चुनाव आयोग का आदेश आया है कि अगली सुनवाई होने तक लालगंज उपचुनाव टाल दिया जाय। अतः आज चुनाव आयोग के आदेश के कारण यह चुनाव स्थगित कर दिया गया है।