बरात से लौंटे दोस्तों ने की फायरिंग, पिस्टल की छीनाझपटी में एक की मौत - Pratapgarh Samachar

Breaking

शुक्रवार, 9 मार्च 2018

बरात से लौंटे दोस्तों ने की फायरिंग, पिस्टल की छीनाझपटी में एक की मौत


प्रतापगढ़| किसी बारात से लौंट कर आये 4 दोस्तों को पता नही क्या सूझा, आधी रात में ही अवैध पिस्टल निकाल कर फायरिंग करने लगे। लेकिन इसी दौरान दोस्तों में पिस्टल को लेकर छीनाझपटी हो गयी जिसमें एक युवक के सीने में गोली जा लगी, जिसे हॉस्पिटल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गयी। मृतक के भाई की शिकायत पर पुलिस ने गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट लिख कर मामले में दो आरोपितों को अरेस्ट कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गयी पिस्टल भी पुलिस ने बरामद कर ली है।

कुंडा के आसपुर देवसरा थाना अंतर्गत आने वाले गाँव आमापुर बाजार के रहने वाले आद्या प्रसाद सोनी का छोटा 35 वर्षीय पुत्र सुनील सोनी बाजार में ही सराफा (सोनारी) का व्यवसाय करता था। बुधवार की रात सुनील अपने भाई ब्रह्मदेव सोनी उर्फ़ पप्पू और अन्य तीन साथियों के साथ मोटरसाइकिल से सुल्तानपुर जनपद के करौंदी कला में एक बारात में सम्मिलित होने गया था। रात को लगभग 12 बजे के दौरान सुनील, उसका भाई व तीनो साथी दो मोटरसाइकिल से घर को लौट रहे थे। घर से लगभग 100 मीटर दूरे बाजार में सुनील की मोटरसाइकिल का पेट्रोल चुक गया। वहीं दूसरी मोटरसाइकिल से पेट्रोल निकालने के दरम्यान पास में खड़े एक साथी ने पिस्टल से फायरिंग करने लगा। इस बीच वह आपस में पिस्टल को लेकर छीनाझपटी शुरू कर दी। अनजाने में ही अचानक ट्रिगर दब गया जिसमें एक गोली सुनील के सीने में जा लगी और लहुलुहान हो गया। अपने साथी को इस हालत में देख अन्य दोस्त घबरा कर भाग निकले। लेकिन मौके पर मौजूद सुनील के भाई पप्पू की सूचना पर परिवार के लोग दौंडे आयें और उसे हॉस्पिटल ले जा रहे थे मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया।

पुलिस ने सुनील के दो दोस्त जोगेंद्र और आशीष को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पिस्टल भी बरामद की। घटनास्थल से तीन खोखे भी बरामद हुए। सुनील के भाई ब्रह्मदेव ने आशीष, जोगेंद्र और अनुपम के खिलाफ गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। तीसरा आरोपित अनुपम भी पुलिस की हिरासत में बताया जा रहा है। लेकिन एसओ ने आशीष व जोगेंद्र की ही गिरफ्तारी की पुष्टि की।

मामले में पुलिस का बयान 
आसपुर देवसरा थाना के एसओ राजकिशोर ने बताया कि, मृतल सुनील के साथियों के पास .32 बोर की अवैध पिस्टल थी। वह रात को बाजार में गोली दागने लगे। फ़िलहाल पिस्टल को पुलिस ने बरामद कर लिया है। प्रकरण में गैरइरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।