मान्धाता:- घर से भाग रहे प्रेमी युगल रात में अंधेरे और व्यस्त सड़क पर अपना संतुलन नही बना सके और ट्रक की टक्कर के शिकार हो गए। गम्भीर अवस्था मे दोनों को इलाहाबाद रेफर किया गया।
मान्धाता क्षेत्र के तिगुनाइतपुर गाँव की एक युवती का प्रेम संबंध सदर कोतवाली के राजगढ़ गाँव निवासी युवक से बहुत दिनों से चल रहा था। युवती के परिवारवालों को मामला पता चलने पर लोकलाज के भय से उन्होंने युवती की शादी इलाहाबाद में तय किया। अगले हफ्ते बारात आनी है। बारात की तैयारियाँ चल रही हैं। लेकिन प्रेमी युगलों को ये बिछड़ना मंजूर नहीं था। सो बुधवार की रात युवक बाइक से युवती के गाँव पहुँचा, पहले से नियत योजना के अनुसार युवती घर से अपना जरूरी सामान लेकर घरवालों से छुपकर बाहर आई और युवक के साथ उसकी बाइक से ही शहर की तरफ जा रहे थे। इलाहाबाद-फैजाबाद राजमार्ग पर थोड़ा आगे जाने पर ही ट्रक की टक्कर से दोनों सड़क पर गंभीर अवस्था मे गिर गए। दोनों को लगी चोट की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने इलाहाबाद रेफर कर दिया। युवती के परिजन जब मांधाता थाने पहुँचे तब उन्हें घटना की जानकारी हुई।
