![]() |
प्रतापगढ़| दिनांक 25/26 अक्टूबर 2017 की रात में थानाक्षेत्र जेठवारा के ग्राम अमरौना में विकास कुमार पुत्र राजकुमार को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली मार दी गयी थी, जो कि गम्भीर रुप से घायल हो गया था और उसके परिजनों द्वारा उसे अस्पताल ले जाया गया था। मामले में तहरीर मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज किया। दिनांक 31 अक्टूबर 2017 को ईलाज के दौरान विकास की मौत हो गयी।
पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम द्वारा उक्त घटना के जल्द से जल्द अनावरण हेतु थाना प्रभारी जेठवारा को कड़े निर्देश दिये गये। परिणाम स्वरुप दिनांक 23 नवम्बर 2017 को प्रभारी निरीक्षक जेठवारा वीपी त्रिपाठी मय हमराह के उक्त मुकदमें के विवेचना व तलाश वांछित/वारंटी में थानाक्षेत्र जेठवारा के सरायआनादेव में मौजूद थे कि मुखबीर खास द्वारा सूचना मिली कि ग्राम अमरौरा के विकास पुत्र राजकुमार की गोली मारकर हत्या करने वाला व्यक्ति मय असलहा के अमरौना तिराहे पर मौजूद है और कहीं भागने की फिराक में है।
मुखबीर खास की इस सूचना पर प्रभारी निरीक्षक वीपी त्रिपाठी मय हमराह के फ़ौरन अमरौना तिराहे पर पहुंचे। जहां मुखबीर ने उक्त व्यक्ति को दिखाया और कहा की साहब यह वही व्यक्ति है। इस पर पुलिस टीम उक्त व्यक्ति की तरफ घेराबन्दी करते हुए आगे बढ़ी। उस व्यक्ति ने जैसे ही पुलिस टीम को देखा वापस पीछे मुड़कर अमरौना गांव की ओर भागने लगा। जिसे पुलिस टीम द्वारा दौड़ाकर आवश्यक बल प्रयोग करते हुए पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त संदीप ने पुलिस द्वारा पूछताछ में स्वीकार किया कि उसी ने विकास पुत्र राजकुमार निवासी अमरौना की गोली मारकर हत्या की थी। हत्या करने का कारण अभियुक्त संदीप ने बताया कि गांव की ही एक भाभी हैं जिनसे मैं प्यार करता हूँ और जब भी मैं उनसे बात-चीत करता था तो विकास व उसके पिता राजकुमार मेरे साथ काफी अभद्रता व गाली-गलौज करते थे। इसी कारण मैंने विकास की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरणः-
संदीप कुमार उर्फ मोनू पुत्र राजाराम निवासी अमरौना थाना जेठवारा जनपद प्रतापगढ़।
बरामदगीः-
1. एक अदद पिस्टल 32 बोर (इसी पिस्टल से घटना कारित की गयी थी)
2. एक अदद खोखा कारतूस 32 बोर
3. दो अदद जिन्दा कारतूस 32 बोर
