बाघराय: जंगलों के कटने से जंगली जानवरों के रिहायशी इलाकों में आतंक मचाने की खबरें बराबर आती रहती हैं। इसी बीच बाघराय इलाके में तेंदुए द्वारा पाँच कुत्तों को खाने के बाद भैंस पर हमले की सूचना से क्षेत्र के लोगों में आतंक है। सभी लोग दहशत में हैं। वन विभाग व पुलिस की टीम तेंदुए की तलाश में हैं।
कुछ दिन पहले इलाके के देवरी हरदोपट्टी गाँव मे तेंदुए के पैरों के निशान देखे गए थे, जिसके आधार पर वनविभाग की टीम पिजड़े में माँस रखकर व कुत्ते को बाँधकर तेंदुए को फँसने का इंतजार कर रही थी, लेकिन सोमवार रात हरदोपट्टी से लगभग तीन किलोमीटर दूर तेंदुए का कहर बरपा। ग्रामीणों के अनुसार सोमवार रात में तेंदुए ने धमवा गाँव के पास पहले पाँच कुत्तों को खाया और फिर भी भूख न मिटी तो गाँव मे ही एक भैंस पर भी हमला किया। शोर सुनकर ग्रामीणों के जगने से टॉर्च की रोशनी देखकर तेंदुआ खेतों की तरफ भाग निकला। सूचना पर पहुँची पुलिस व वनविभाग के अधिकारियों ने गाँव व खेतों में पैरों के निशान के आधार पर तेंदुआ होने की पुष्टि किया। लेकिन फिलहाल उसके बाद से गाँव के आसपास कहीं दिखा नहीं है, फिर भी ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
