लालगंज: खेत मे सिंचाई करने गए अधेड़ की लाश सुबह खेत के किनारे मिली। कनपटी व कमर पर गोली मारकर की गई हत्या। पुलिस हत्यारों की खोज में।
लालगंज थाना क्षेत्र के ढिंगवस गाँव के रहने वाले कमलेश शुक्ला उर्फ मुन्ना (उम्र 50 वर्ष) सोमवार रात खेत के पानी लगाने के लिए घर से खेतों की तरफ गए थे। रात वहीं रुककर सिंचाई करने वाले थे इसलिए घरवाले निश्चिन्त होकर सो गए। सुबह जब ग्रामीण खेत की तरफ गए तो खेत के पास कमलेश की लाश देखकर सन्न रह गए। परिजनों को सूचना दी गयी तो बदहवास हालत में सभी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमलेश को दो गोली मारी गयी थी, एक गोली कमर में लगी थी व दूसरी कनपटी पर। प्राथमिक जाँच व ग्रामीणों की आपसी चर्चा के आधार पर पुलिस मामले को आपसी रंजिश व अवैध संबंधों की परिणति मानकर छानबीन कर रही है।
