मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश का प्रतापगढ़ के डीएम व एसपी ने किया पालन - Pratapgarh Samachar

Breaking

शनिवार, 28 अप्रैल 2018

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आदेश का प्रतापगढ़ के डीएम व एसपी ने किया पालन



मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी शम्भु कुमार ने आज ग्रामसभा कन्धईमधुपुर में चौपाल लगाकर लोगों की समस्यायें सुनी और सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को निर्देश भी दिये। जिलाधिकारी ने चौपाल में कहा कि  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का निर्देश है कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का लाभ समाज के अन्तिम पायदान के व्यक्ति तक पहुॅचे।
जिलाधिकारी ने चौपाल में सर्वप्रथम राशन कार्ड के सम्बन्ध में जानकारी प्राप्त की जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी द्वारा बताया गया की अब तक कार्डो के सत्यापन में 61 लोगों को अपात्र पाया गया है जिनके कार्ड निरस्तीकरण की कार्यवाही की गयी है और 29 पात्र पाये गये जिनका नाम कार्ड की सूची में दर्ज किया जा रहा है। अपात्र 61 कार्डधारकों के राशन वितरण के सम्बन्ध में जिलाधिकारी ने कोटेदार को फटकार लगायी और कहा कि दुबारा इस तरह के अपात्र कार्डधारक पाये जाने पर सम्बन्धित कोटेदार व अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जायेगी। जिलाधिकारी ने पेंशन योजना से सम्बन्धित जानकारी जिला समाज कल्याण अधिकारी से प्राप्त की तो उनके द्वारा बताया गया कि अब तक ग्रामसभा के 22 मजरों में 14 मजरों का सत्यापन हो चुका है जिसमें वृद्धावस्था पेंशन के लिये 102 और विधवा पेंशन के लिये 50 तथा दिव्यांग पेंशन के लिये 05 कुल 157 लाभार्थियों का चयन किया गया है, शेष 8 मजरों में सत्यापन का कार्य चल रहा है। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायत अधिकारी गोविन्द सिंह द्वारा लोगों की शिकायतों को ठीक ढंग से रजिस्टर में अंकित न करने पर फटकार लगायी और ग्राम पंचायत अधिकारी को कार्य में लापरवाही पर निलम्बित करने के निर्देश जिला पंचायत राज अधिकारी को दिये।

चौपाल में जिलाधिकारी ने बताया कि अब पेंशनधारकों की पेंशन 300 रू0 से बढ़ाकर 500 रू0 कर दी गयी है। जिलाधिकारी ने चौपाल में प्रधानमंत्री आवास योजना से सम्बन्धित जानकारी परियोजना निदेशक अरविन्द सिंह से प्राप्त की तो उनके द्वारा बताया गया कि 119 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ ग्रामसभा में अब तक दिया जा चुका है और इस वित्तीय वर्ष में 136 लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिया जायेगा एवं तीसरी सूची 276 लोगो का चिन्हीकरण किया गया है उस सूची के सत्यापन का कार्य चल रहा है जो पात्र होगा उसको योजना का लाभ मिलेगा। इसको संज्ञान में लेते हुये जिलाधिकारी ने कहा कि पूरी ग्रामसभा का सर्वे कराया जाये, कोई भी पात्र व्यक्ति प्रधानमंत्री आवास योजना से वंचित न रहे उसको इस योजना का लाभ अवश्य मिले और प्रधानमंत्री आवास योजना के नाम पर यदि कोई विचौलियॉ पैसा मांगता है तो उसकी शिकायत तत्काल जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय, मुख्य विकास अधिकारी कार्यालय में कर सकता है और शिकायत सही पाये जाने पर उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की कार्यवाही की जायेगी।


चौपाल में जिला पंचायत राज अधिकारी ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के अन्तर्गत अब तक 1435 परिवारों का सत्यापन किया गया है जिसमें 1266 परिवार में शौचालय नही है और 73 लोगों ने शौचालय अपना बनवा लिया है तथा 500 परिवारों को शौचालय के लिये धनराशि 02 या 03 मई तक खाते में भेज दी जायेगी। विद्युत विभाग के अधिशासी अभियन्ता ने बताया कि 30 अप्रैल को ग्राम कन्धईमधुपुर में विद्युत कैम्प का आयोजन किया जायेगा जिसमें कोई भी व्यक्ति विद्युत सम्बन्धी किसी भी शिकायत को दर्ज करा सकता है। पाइप पेयजल योजना में विभाग के प्रतिनिधि द्वारा बताया गया कि टंकी में शिवेज जो है उसको 15 दिन में ठीक कर लिया जायेगा और एक महीने के अन्दर 04 और मजरों में पानी की सप्लाई प्रारम्भ कर देगें। चौपाल में जिलाधिकारी ने कानून व्यवस्था सम्बन्धी, राजस्व विभाग सम्बन्धी आदि योजनाओं पर चर्चा की।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सन्तोष कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी राजकमल यादव, परियोजना निदेशक अरविन्द सिंह सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।