
प्रतापगढ़ अंतू के पारा हमीदपुर निवासी महेशचंद्र गुप्ता का बेटा ओम प्रकाश उर्फ बबलू (26) मोबाइल फोन की दुकान चलाता है। उसके गांव से रेलवे लाइन गुजरी है। शुक्रवार रात वह मोबाइल फोन का ईयर फोन कान में लगाकर गाना सुनते हुए रेलवे लाइन किनारे टहल रहा था। रात करीब साढ़े 10 बजे गांववालों ने उसे घर से करीब 50 मीटर दूर रेलवे ट्रैक पर पड़े देखा तो हड़कंप मच गया। बबलू के दोनों पैर जांघ से कट गए थे और वह बेहोश था। कुछ ही देर में वहां भीड़ जमा हो गई। उसे जिला अस्पताल ले जाया गया। हालत नाजुक देख डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे इलाहाबाद रेफर कर दिया। बबलू के पैर किस ट्रेन से कटे हैं यह कोई नहीं बता पा रहा था।
ओम प्रकाश उर्फ बबलू की अभी दो महीने पहले 24 फरवरी को शादी हुई है। घर में हंसी खुशी का माहौल था। लेकिन कान में ईयरफोन लगाकर रेलवे ट्रैक के करीब जाने की लापरवाही ने एक ही झटके में खुशी के माहौल को दुख और चिंता में बदल दिया। घरवालों की आंखें बार-बार नम हो जा रही हैं।