![]() |
प्रतापगढ़ जिले के पट्टी तहसील के अंतर्गत मंगरौरा विकास खंड के कंधई थाना क्षेत्र में आने वाले मधुपुर गाँव में दलित दयाराम सरोज के घर में सोमवार की रात मुख्यमंत्री ने जमीन पर बैठकर प्रतापगढ़ के भाजपाई जनप्रतिनिधियों के साथ भोजन किया। भोजन करने में उनके साथ प्रभारी मंत्री स्वाती सिंह, कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह (मोती सिंह), सांसद हरिबंश सिंह, प्रतापगढ़ के बाबागंज व कुंडा सहित कौशांबी सांसद विनोद सोनकर, रानीगंज के विधायक धीरज ओझा, अपना दल के सदर विधायक संगम लाल गुप्ता व विश्वनाथगंज विधायक डा. आरके वर्मा के साथ भाजपा प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमलता सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष हरि प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी, भाजपा के क्षेत्रीय महामंत्री रामचंद्र मिश्र, खुद गृहस्वामी दयाराम सरोज, मंगरौरा ब्लॉक के मंडल अध्यक्ष बृजेश तिवारी व राजेश सिंह साथ थे। कुछ लोग मुख्यमंत्री के दाहिने बैठे थे तो कुछ लोग बायें बैठे थे। अंत में दलित परिवार के सदस्यों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ सेल्फी भी ली।
प्रतापगढ़ के दयाराम सरोज बहुत खुश थे। उनके घर पर भाजपाइयों के दिशानिर्देश में खाने की तैयारी सुबह से ही शुरू हो गई थी। ऐसा नहीं है कि किसी हलवाई ने खाना बनाया था। मुख्यमंत्री के लिए खाना खुद दयाराम के परिवार की महिलाओं ने बनाया था और तो और वह इसके लिए सुबह से काम ममें लगीं हुई थी। करीब साढ़े नौ बजे दिन के सभी कार्यक्रम को खत्म कर दयाराम के घर मुख्यमंत्री अपने लावलश्कर के साथ पहुंचे। कुछ देर बैठने के बाद 10 बजकर 13 मिनट पर मुख्यमंत्री ने खाना खाना प्रारम्भ किया,इसके बाद बहुत जल्द खाना खत्म कर 10 बजकर 29 मिनट पर वह वहां से उठे। 10 बजकर 35 मिनट पर रात्रि विश्राम के लिए पंचायत भवन चले गए।
इसके बाद कई जनप्रतिनिधियों ने अपने घर का रास्ता नगप लिया। कुछ वहीं टेंट में रुके रहे। कुछ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने अपनी कार में ही रात्रि गुजारने की व्यवस्था कर रखी थी। पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने सरकारी विद्यालय में अपना डेरा जमाया था। कुछ लोग खुले टेंट के नीचे बिछी चारपाई पर सोने चले गए।
